पटेल नेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में हार्दिक पटेल की पाटीदार अमानत आंदोलन समिति के सदस्यों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ मचाई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी और भाजपा के अन्य नेताओं को अपमानित किया गया।
यह कार्यक्रम पाटीदारों के गढ़ में भाजपा की शक्ति प्रदर्शन के लिए आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम स्थल के पास ही मोटा वरच्छा इलाका है जहां से पाटीदार समुदाय के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस वजह से पटेल नेताओं को अपना भाषण संक्षिप्त करना पड़ा जबकि नारेबाजी के बीच ही अमित शाह बमुश्किल चार मिनट बोल पाए। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पटेल आरक्षण आंदोलनकारियों ने ‘जय सरदार जय पाटीदार’ के नारे लगान शुरू कर दिए थे और हार्दिक पटेल जिंदाबाद करते हुए फर्नीचर तोड़ डाले जबकि कुर्सियां हवा में उछालनी शुरू कर दी।
कार्यक्रम पाटीदार अभिवादन समिति की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्रियों पुरुषोत्तम रूपाला तथा मनसुख मंडाविया सहित कई पाटीदार नेताओं को सम्मानित किया जाना था।
हालांकि पुलिस ने पाटीदार समाज के कुछ सदस्यों को हिरासत में भी लिया लेकिन विरोध प्रदर्शन जारी रहा। नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के कारण भाजपा अध्यक्ष, रूपानी जैसे शीर्ष नेताओं को अपना संबोधन संक्षिप्त करना पड़ा। शाह ने चार मिनट में ही अपना भाषण खत्म कर दिया जबकि रूपानी तीन मिनट से ज्यादा नहीं बोल पाए।