तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू को गुरुवार को सुरक्षा कारणों के चलते एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया। वह सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके दौरे के खिलाफ हवाई अड्डे के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। एयरपोर्ट के बाहर नायडू के काफिले को रोकने की कोशिश कर रहे वाईएसआर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीडीपी समर्थकों से झड़प भी हुई।
विशाखापट्टनम के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार मीणा ने कहा कि सीआरपीसी की धारा 151 के तहत चंद्रबाबू नायडू को नोटिस दिया गया और 'उनकी सुरक्षा की खातिर' उन्हें एहतियाती हिरासत में ले लिया गया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को यहां हवाई अड्डे पर वीआईपी लांज भेज दिया गया।
मीणा ने कहा, 'उन्होंने हमारे साथ सहयोग किया और हवाई अड्डे के वीआईपी लांज में जाने को राजी हो गए। वैसे शुरू में हमने उन्हें उनके निर्धारित कार्यक्रम के हिसाब से आगे बढ़ने की अनुमति दी लेकिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी थे, इसलिए हमने उनकी सुरक्षा की खातिर उन्हें एहतियाती हिरासत में लेने का फैसला किया।' टीडीपी प्रमुख अपने राज्यव्यापी प्रजा चैतन्य यात्रा के तहत विजयनगरम जाते हुए विजयवाड़ा से दोपहर यहां पहुंचे थे।