कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन की एक करीबी सहयोगी को कर्नाटक के चामराजनगर से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वीरप्पन को विशेष टास्क फोर्स ने करीब 15 साल पहले मार गिराया था। चामराजनगर के एसपी एचडी आनंद कुमार ने बताया कि वीरप्पन के करीबी सहयोगी स्टेल्ला मैरी (40) को 27 साल बाद गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि मैरी फरार थी और पिछले 27 साल से अपनी पहचान छिपाकर रह रही थी। उसे रविवार को चामराजनगर के कोल्लेगल इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान स्टेल्ला ने इसकी पुष्टि की उसे हथियार चलाने का प्रशिक्षण मिला था। उसने अपनी निजी जिंदगी और शादियों के बारे में भी खुलासा किया। चामराजनगर पुलिस वीरप्पन की मौत के बाद से ही स्टेल्ला की तलाश कर रही थी।