केंद्र सरकार ने असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अपडेट करने के लिए चल रही प्रक्रिया को पूरा करने के लिए छह महीने का और समय दे दिया है। अब एनआरसी की प्रक्रिया को पूरा करने की नई तारीख 30 जून होगी। भारत के महापंजीयक शैलेश ने एक अधिसूचना में कहा कि एनआरसी में असम के नागरिकों की सूची बनाने की प्रक्रिया 31 दिसंबर, 2018 की निर्धारित तारीख के भीतर पूरी नहीं हो सकी जिसके कारण यह फैसला लिया गया है।
शैलेश द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार इसे जनहित में आवश्यक तथा व्यवहारिक मानती है कि राष्ट्रीय नागरिक पंजी, 1951 की अपडेट प्रक्रिया को 30 जून 2019 तक पूरा कर लिया जाए। बता दें कि एनआरसी का मसौदा 30 जुलाई को प्रकाशित हुआ था और कुल 3.29 करोड़ आवेदकों में से 2.9 करोड़ लोगों के नाम इसमें शामिल किए गए थे। वहीं, एनआरसी के मसौदे से 40 लाख लोगों को बाहर रखने को लेकर काफी विवाद पैदा हुआ था।