चार राज्यों में शुरू जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया।
- फोटो : अमर उजाला
चार राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में आज से जनगणना के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। दूसरे चरण में सबसे पहले स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसके तहत अब लोग खुद डिजिटल तरीके से अपना नाम जनगणना में जुड़वा सकते हैं। हालांकि, फिलहाल दूसरे चरण की जनगणना को चार राज्यों तक ही सीमित रखा गया है और पूरे देश में यह चरण अगले साल फरवरी महीने में शुरू होगा।
ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर जनगणना का दूसरा चरण क्या है? यह पहले चरण से कितना अलग है यानी जब पहली बार अधिकारी लोगों के घर जाकर पूछताछ कर चुके हैं तो दोबारा आने की जरूरत क्यों है? फिलहाल जनगणना का दूसरा चरण सिर्फ चार राज्यों में ही क्यों शुरू किया गया है? इसमें भी स्वगणना की प्रक्रिया क्या है? अगर कोई नागरिक इसके जरिए जनगणना से जुड़ना चाहता है तो उसे क्या करना होगा? इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति इससे नहीं जुड़ पाता है तो उसके लिए आगे का रास्ता क्या होगा? आइये जानते हैं...
जनगणना का दूसरा चरण क्या है, पहले चरण से कितना अलग?
जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का काम अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच पूरा किया गया। अब दूसरे चरण यानी आबादी की गणना की प्रक्रिया शुरू हुई है।
यानी सीधे समझें तो अप्रैल से सितंबर के बीच जब अधिकारी आपके घर आए थे तो वे आपके मकान की जानकारी लेने और आबादी के रहन-सहन के तरीके का डेटा इकट्ठा करने के लिए पहुंचे थे। इसी चरण में मकानों की गणना भी की गई।
वहीं, दूसरी तरफ जनगणना के दूसरे चरण में अब भारत में रहने वाले लोगों की गणना की जाएगी। इसके लिए एक बार फिर अधिकारी आपके घर आएंगे और सदस्यों की जानकारी लेंगे, जिससे उनका नाम भारत की आबादी में जुड़ जाएगा।
जनगणना 2027
- फोटो : Amar Ujala
क्या है दूसरे चरण में जनगणना का शेड्यूल?
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, ज्यादातर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का दौर चलेगा। इससे पहले 10 से 24 जनवरी 2027 तक लोगों को ऑनलाइन स्वगणना का विकल्प मिलेगा। हालांकि, कुछ राज्यों और क्षेत्रों में जनगणना का कार्यक्रम अलग रखा गया।
1. मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड के साथ ही लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के बर्फीले क्षेत्रों में सामान्य कार्यक्रम के अनुसार जनगणना नहीं होगी।
2. मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण हालात सामान्य नहीं होने की वजह से जनगणना अगली अधिसूचना तक टाली जा चुकी है।
3. इसके अलावा लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के बर्फीले इलाकों में भी अलग समय पर जनगणना होगी। इनमें लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाके शामिल हैं। यहां सर्दियों में बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो जाते हैं, जिससे कर्मचारियों को घर-घर पहुंचने में परेशानी होती है।
अगर पूरे देश में फरवरी में जनगणना का दूसरा चरण तो यूपी समेत चार राज्यों में पहले क्यों?
- उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने होने है, इसे देखते हुए इन राज्यों में अलग कार्यक्रम तय हुआ है।
- चारों राज्यों में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक कर्मचारी घर-घर जाकर परिवार और उसके सदस्यों की जानकारी जुटाएंगे।
- हालांकि, इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आम लोगों को खुद से जनगणना में नाम दर्ज कराने के लिए स्व-गणना का विकल्प मिल रहा है।
- इन दोनों प्रक्रियाओं के बाद गणनाकर्मी घर पहुंचकर ऑनलाइन भरी गई जानकारी का भी सत्यापन करेंगे। प्रदेश में पुनरीक्षण दौर 5 से 9 जनवरी 2027 तक चलेगा।
गौरतलब है कि इन चारों राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव और जनगणना दोनों में मुख्य रूप से सरकारी कर्मचारियों (विशेषकर शिक्षकों) की ड्यूटी लगाई जाती है। प्रशासनिक और लॉजिस्टिक टकराव से बचने के लिए केंद्र सरकार-महारजिस्ट्रार कार्यालय ने इन राज्यों में जनसंख्या गणना की समय-सीमा पहले करके 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 निर्धारित की। दूसरी ओर मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में ही प्रस्तावित हैं, हालांकि एनआरसी की मांग के चलते वहां यह प्रक्रिया स्थगित कर दी गई।
जनगणना 2027
- फोटो : Amar Ujala
क्या घर बैठे खुद भर सकते हैं जनगणना का फॉर्म?
हां, इस बार सरकार ने लोगों को स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी है। इसके जरिए आप घर बैठे अपने मकान और परिवार से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए आपको गणनाकर्मी के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें: यूपी: प्रदेश में आज से शुरू होगी स्वगणना, सीएम योगी करेंगे खुद से शुरुआत; इन सवालों का न दें कतई जवाब
ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म कैसे भरें? समझिए पूरा तरीका
स्टेप 1: पोर्टल खोलें
सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में Census India Self Enumeration Portal खोलें। इसके अलावा जणगणना पोर्टल पर जाकर सेल्फ एन्यूमरेशन के विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं।
स्टेप 2: लॉग इन करें
पोर्टल पर अपना राज्य या केंद्रशासित प्रदेश चुनें। इसके बाद स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा भरें। अब परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें। आपके मोबाइल पर एक ओटीपी (OTP) आएगा। इसे भरकर अपना सत्यापन पूरा करें।
जनगणना 2027
- फोटो : Amar Ujala
स्टेप 3: घर की लोकेशन दर्ज करें
लॉग इन करने के बाद जिला, गांव या शहर और पिनकोड जैसी जानकारी भरें। इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले नक्शे यानी मैप पर अपने घर की सही लोकेशन मार्क करें।
स्टेप 4: पूछे गए सवालों के जवाब भरें
पहले चरण में भी आपके घर से संबंधित 33 सवाल इसमें दिए गए थे। अब फिर से नए 40 सवाल इसमें दिए जाएंगे।
स्टेप 5: जानकारी चेक करके सबमिट करें
फॉर्म भरने के बाद प्रीव्यू (Preview) विकल्प पर क्लिक करके सभी जानकारियां जांच लें। अगर कोई गलती है तो उसे ठीक करें। इसके बाद फाइनल सबमिट (Final Submit) पर क्लिक करें।
फॉर्म जमा होने के बाद आपको 11 अंकों की एक विशेष पहचान संख्या मिलेगी। इसे सेल्फ एनरोलमेंट आईडी (SE ID) कहा जाता है।
जनगणना 2027
- फोटो : Amar Ujala
SE ID मिलने के बाद क्या करना होगा?
फॉर्म जमा करने के बाद मिली 11 अंकों की सेल्फ एनरोलमेंट आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखें। इसका स्क्रीनशॉट ले सकते हैं या प्रिंट निकालकर रख सकते हैं। जब जनगणना कर्मचारी आपके घर आएंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इसके आधार पर वे ऑनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
- एक मोबाइल नंबर से केवल एक घर का स्व-गणना फॉर्म भरा जा सकता है।
- सभी जानकारियां सही और सच्ची भरें।
- फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जवाब दोबारा जांच लें।
- स्व-गणना करना वैकल्पिक है। आप चाहें तो गणनाकर्मी के घर आने पर भी जानकारी दे सकते हैं।
जनगणना 2027
- फोटो : Amar Ujala
दूसरे चरण में क्या-क्या सवाल पूछे जाएंगे?
पहले चरण में मकान और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी ली गई थी, जबकि दूसरे चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत जानकारी जुटाई जाएगी। इस बार कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे, जबकि 2011 की जनगणना में 29 सवाल पूछे गए थे। यानी इस बार 11 नए सवाल जोड़े गए हैं।
इन सवालों में जाति, धर्म, माता-पिता और पति या पत्नी का नाम, घोषित राष्ट्रीयता और स्थायी पता जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा डिजिटल साक्षरता, शिक्षा का स्तर और परिवार के कुल बैंक खातों की संख्या के बारे में भी पूछा जाएगा।
मोबाइल नंबर, आधार और वोटर आईडी नंबर, कोविड-19 टीकाकरण की जगह, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी इस चरण का हिस्सा होंगे।
ये भी पढ़ें: जनगणना-2027: स्वगणना आज से, 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज करा सकेंगे परिवार का ब्योरा; जानें पूरी प्रक्रिया
इस बार जनगणना डिजिटल तरीके से कैसे होगी?
जनगणना 2027 भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसके लिए सरकार ने चार प्रमुख डिजिटल व्यवस्थाएं तैयार की हैं।
पहली: जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली
इस डिजिटल पोर्टल के जरिए जनगणना के काम की निगरानी होगी। अधिकारी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर देख सकेंगे कि किस क्षेत्र में कितना काम पूरा हुआ है।
दूसरी: मकान सूचीकरण मोबाइल एप
गणनाकर्मी इस एप के जरिए घरों और परिवारों की जानकारी दर्ज करेंगे। यह एप बिना इंटरनेट के भी काम कर सकेगा। इंटरनेट उपलब्ध होने पर जानकारी सरकारी सर्वर पर भेज दी जाएगी। इसे एंड्रॉयड और आईफोन दोनों पर इस्तेमाल किया जा सकेगा और यह 16 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगा।
तीसरी: मकानों और क्षेत्रों की डिजिटल पहचान
इसके लिए डिजिटल नक्शे तैयार किए जाएंगे। इसमें उपग्रह से ली गई तस्वीरों का भी इस्तेमाल होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई गांव, मोहल्ला या क्षेत्र गणना से छूटे नहीं और किसी इलाके की दोबारा गिनती न हो।
चौथी: स्व-गणना पोर्टल
इस पोर्टल के जरिए लोग अपने परिवार की जानकारी खुद ऑनलाइन भर सकेंगे। जानकारी जमा करने के बाद परिवार को विशेष पहचान संख्या मिलेगी, जिसके आधार पर गणनाकर्मी बाद में जानकारी का सत्यापन करेंगे।
जनगणना 2027
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
जनगणना में दी गई जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी?
जनगणना के दौरान लोगों से व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारी जुटाई जाती है। सरकार के अनुसार, डिजिटल माध्यम से जुटाए गए आंकड़ों को कूटबद्ध यानी एन्क्रिप्ट करने की व्यवस्था होगी। इससे कोई अनधिकृत व्यक्ति इन जानकारियों को पढ़ नहीं सकेगा। आंकड़ों को सुरक्षित सरकारी डेटा केंद्रों में रखा जाएगा और उनकी सुरक्षा की नियमित जांच भी होगी।
इसके अलावा जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत लोगों की ओर से दी गई व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित की गई है। इसके अनुसार, किसी व्यक्ति की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। इसे सूचना का अधिकार कानून के तहत भी प्राप्त नहीं किया जा सकता और न ही अदालत में सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
जनगणना के आंकड़े कब जारी होंगे?
सरकार का लक्ष्य डिजिटल तकनीक की मदद से आंकड़े जुटाने, उनकी जांच और विश्लेषण की प्रक्रिया को पहले के मुकाबले तेज करना है। आंकड़ों को आसानी से समझने के लिए चार्ट और चित्रों के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। हालांकि, सरकार ने अभी जनगणना 2027 के अंतिम आंकड़े जारी करने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है।
भारत में जनगणना की अधिसूचना जारी।
- फोटो : अमर उजाला
अगर कोई व्यक्ति स्व-गणना में नहीं जुड़ पाता है तो उसके लिए आगे का रास्ता क्या होगा?
अगर कोई व्यक्ति या परिवार स्व-गणना की प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाता है, तो चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि स्व-गणना पूरी तरह से वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं।
ऐसे व्यक्तियों के लिए आगे की प्रक्रिया इस तरह होगी...
1. जनगणनाकर्मियों का घर-घर दौरा
जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाते, उनके घर पर जनगणना कर्मी खुद व्यक्तिगत रूप से पहुंचेंगे। इसके लिए 1 दिसंबर से 4 जनवरी की तारीख तय की गई है। इसे पारंपरिक कैनवेसर विधि कहा जाता है।
2. मोबाइल एप के जरिए डेटा संग्रह
- घर आने पर जनगणना कर्मी अपने आधिकारिक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से निर्धारित प्रश्न पूछकर परिवार और आवास से संबंधित पूरी जानकारी मौके पर ही डिजिटल रूप से दर्ज करेंगे।
- इसके लिए नागरिक को कोई दस्तावेजी प्रमाण दिखाने की जरूरत नहीं होती; केवल सही और प्रामाणिक जानकारी मौखिक रूप से देना ही जरूरी है।
अगर घर छूट जाता है/घर पर जनगणनाकर्मी भी न पहुंचें तो
अगर मुख्य गणना चरण पूरा होने के बावजूद किसी का परिवार या आवास छूट जाता है, तो नागरिक अपने क्षेत्र के चार्ज ऑफिसर, जैसे- खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), तहसीलदार, नगर निगम सचिव या वार्ड अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर जिला स्तर पर डीएम/कलेक्टर या नगर आयुक्त के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।