देश ने बहादुर सैनिक, सफल रणनीतिकार खो दिया : बिरला
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सदन में शोक जताते हुए कहा, जनरल बिपिन रावत के रूप में देश ने एक बहादुर सैनिक, कुशल रणनीतिकार और सेना का योग्य नेतृत्व करने वाला खो दिया। इसके बाद सदस्यों ने कुछ पलों का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश ने भी पूरे सदन की ओर से जनरल रावत को श्रद्धांजलि दी।
वायुसेना प्रमुख ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
रक्षामंत्री ने बताया, वायुसेना प्रमुख ने घटनास्थल का जायजा लिया है। वह वेलिंग्टन सैन्य अस्पताल भी पहुंचे। उस वक्त वहां ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज चल रहा था।
बेशकीमती साथी : अमेरिका
भारत के सीडीएस, उनकी पत्नी व सहकर्मियों के त्रासद हादसे में निधन पर मेरी गहरी सांत्वना। हम जनरल रावत को ऐसे असाधारण नेतृत्वकर्ता के रूप में याद रखेंगे जिन्होंने अपने देश की सेवा की और भारत-अमेरिकी रक्षा सहयोग मजबूत बनाने में योगदान दिए। -एंटनी ब्लिंकन, विदेश मंत्री
अमेरिका के मित्र
जनरल रावत ने भारत-अमेरिकी रक्षा सहयोग पर अमिट छाप छोड़ी। मेरा सौभाग्य था कि इस वर्ष उनसे मिला। मैं उनमें अमेरिका का दोस्त और बेशकीमती साथी देखता था। -लॉयड ऑस्टिन, रक्षामंत्री
उनसे दोस्ती मेरा सम्मान
मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैं जनरल को तब से दोस्त के तौर पर जानता था जब हम सेना अध्यक्ष थे। मैं उन्हें हमेशा याद रखूंगा। -जनरल माइले, अध्यक्ष, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ
दलाईलामा ने जताया शोक
सीडीएस बिपिन रावत और हादसे में जान गंवाने वाले सभी सैन्य अधिकारियों के निधन पर शोकाकुल हूं। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। -दलाईलामा, शीर्ष तिब्बती धर्मगुरु
विपक्ष ने स्थगित किया धरना
लोकसभा में जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देते सांसद। राज्यसभा में भी विपक्ष ने जनरल रावत के सम्मान में निलंबित सांसदों का धरना बृहस्पतिवार को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया। निलंबित सांसद 8 दिन से गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठे थे।