हाईकोर्ट ने नोएडा के दो हजार करोड़ रुपये के वेबवर्क धोखाधड़ी कांड की जांच सीबीआई को सौंप दी है। कोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसी को एक माह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। प्रकरण की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही थी, मगर अदालत जांच की प्रगति से संतुष्ट नहीं थी। वादी अमित किशोर जैन ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की जांच किसी दूसरी एजेंसी को सौंपने तथा स्वयं को सुरक्षा देने की मांग की थी।
याचिका पर न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति केपी सिंह की पीठ सुनवाई कर रही है। याची के अधिवक्ता राजेश राय ने कोर्ट को बताया कि याची ने वेबवर्क ट्रेड लिंक प्राइवेट लिमिटेड गौतमबुद्धनगर के निदेशकों के खिलाफ नोएडा के सेक्टर 20 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कंपनी के निदेशकों ने आम जनता को ऑनलाइन इनवेस्टमेंट का प्रलोभन दिया। अपनी निवेश योजना का टेलीविजन और समाचार पत्रों के माध्यम से फिल्मी सितारों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया। कंपनी के प्रतिनिधि सुनील कुमार जैन और जीएस वर्मा के मार्फत याची की मुलाकात कंपनी के निदेशकों अनुराग गर्ग और संदेश वर्मा से हुई।