नवीन जिंदल की कंपनी को आवंटित हुए थे कोल ब्लॉक
- फोटो : Getty
कोल ब्लॉक आंवटन घोटाले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा और उद्योगपति नवीन जिंदल की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई की विशेष अदालत ने मधु कोडा, पूर्व कोयला राज्य मंत्री दसारी नारायण राव और नवीन जिंदल सहित 13 लोगों के खिलाफ आरोप तय करने के आदेश दिए हैं।
स्पेशल सीबीआई जज भारत पराशर ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा, सभी आरोपियों के खिलाफ सेक्शन 120बी के तहत आरोप तय किए जाने चाहिए।
बता दें कि सीबीआई ने जिंदल और राव के अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा, पूर्व कोयला सचिव एचसी गुप्ता और 11 अन्य के खिलाफ अमरकोंडा मुरगादंगल कोल ब्लॉक को अवैध तरीके से जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड और गगन स्पांज आयरन प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित करने के मामले में आरोपी बनाया हुआ है।
इनके अलावा जिंदल रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजीव जैन, जीएसआईपीएल के निदेशक गिरीश कुमार, राधा कृष्णा सराफ, नई दिल्ली एग्जिम प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुरेश सिंघल, सौभाग्य मीडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रामाकृष्णा प्रसाद और चार्टेड अकाउंटेंट ज्ञान स्वरूप गर्ग को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी फिलहाल बेल पर बाहर हैं।