सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व अतिरिक्त आयकर आयुक्त संतोश करनानी के खिलाफ ताजा मामला दर्ज किया है। इसमें उनकी पत्नी आरती करनानी, अहमदाबाद की फर्म श्री कन्हाई रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक इलेश शाह व अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक नये केस में संतोष करनानी पर एक बिल्डर के साथ गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है, ताकि उसे भारी रियायती कीमत पर जमीन के बदले में आईटी अपीलीय न्यायाधिकरण में केस जीतने में मदद मिल सके।
सीबीआई को इस भ्रष्टाचार की जानकारी अहमदाबाद स्थित करनानी के दो फोन की फोरेंसिक जांच से मिली, जो करनानी ने गुजरात एंटी करप्शन ब्यूरो के ट्रैप ऑपरेशन के दौरान भागने से पहले अपने सहयोगी और सह-अभियुक्त विवेक जौहरी को दिए थे। अहमदाबाद में तैनात जौहरी को 30 लाख की रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार किया गया था और करनानी उसमें सह आरोपी था।
आरोप था कि जब एसीबी, गुजरात की एक टीम उक्त अतिरिक्त आयकर आयुक्त के कार्यालय में पहुंची, तो वह अपने दफ्तर से भाग निकला था और अपने दो फोन जौहरी को दे दिए थे जिसे बाद में जौहरी ने साबरमती नदी में फेंक दिया था। सीबीआई ने जब 12 अक्तूबर 2022 को एसीबी से मामला अपने हाथ में लिया, तो उसने लगभग छह महीने की कड़ी मेहनत के बाद सोनार तकनीक की मदद से साबरमती नदी से दो मोबाइल फोन बरामद किए थे।
सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक, फोन की फोरेंसिक जांच में उस सांठगांठ का पता चला है जिसे करनानी ने अपने परिचित या अपने परिवार के सदस्यों से जुड़े व्यक्तियों और निजी कंपनियों के साथ साझा किया था। सीबीआई को करनानी और श्री कन्हाई रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक इलेश कुमार शाह के बीच व्हाट्सएप पर हुई बातचीत मिली जिससे पता चला कि इलेश शाह अधिकारी की पत्नी आरती करनानी के नाम पर 2428 वर्ग मीटर जमीन के सौदे पर चर्चा कर रहा था।
संतोष करनानी ने 2428 वर्ग मीटर गैर-कृषि भूमि अपनी पत्नी आरती करनानी के नाम पर महज 40 लाख रुपये में खरीदी थी जबकि बिक्री के लिए अधिग्रहित किया है...जबकि कन्हाई रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों में से एक के अनुसार, प्लॉट का बाजार मूल्य 3.5 करोड़ रुपये था।