पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित मवेशी तस्करी मामले में तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिलाध्यक्ष अणुव्रत मंडल बुधवार को फिर पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर नहीं पहुंचे। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उन्हें निजाम पैलेस स्थित जांच एजेंसी के दफ्तर में सुबह 11 बजे बुलाया था, लेकिन उससे पहले ही अणुव्रत सीने में दर्द की शिकायत पर कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती हो गए।
सीबीआई दफ्तर में पेशी के लिए मंगलवार शाम अणुव्रत बीरभूम से कोलकाता पहुंच गए थे, जिसके बाद दावा किया जा रहा था कि वह सीबीआई दफ्तर जाएंगे। इस बीच हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक संबंधी उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद बुधवार को वह सीबीआई दफ्तर के लिए निकले, लेकिन उनकी गाड़ी बीच रास्ते से मुड़कर एसएसकेएम अस्पताल पहुंच गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि उनकी सेहत बिगड़ गई है और अस्पताल के वूड बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। उनके इलाज के लिए आठ वरिष्ठ डॉक्टरों की मेडिकल बोर्ड का गठन भी अस्पताल की ओर से किया गया है। बाद में मंडल के अधिवक्ता ने निजाम पैलेस पहुंचकर जांच एजेंसी को पेश न होने के लिए स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से सटे सीमाई जिलों में बड़े पैमाने पर मवेशी तस्करी के आरोप लगते रहे हैं। दावा है कि वह भी करोड़ों रुपये के इस अवैध कारोबार में शामिल रहे हैं। इस मामले में उनसे पूछताछ होनी है।