ट्रैफिक पुलिस ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 318 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, तीन दिनों में कुल 3830 लोगों के चालान काटे गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नववर्ष की पूर्व संध्या पर वर्ष 2021 में 25, वर्ष 2020 में 19, वर्ष 2019 में 299 चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। साथ ही, इस वर्ष कुल 1329 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनमें शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के अलावा खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वाले 175 व गलत साइड से वाहन चलाने वाले 55 वाहन चालकों के खिलाफ, ट्रिपल राइडिंग करने वाले 47, बिना हेलमेट वाले 664 लोगों का मुकदमा दर्ज किया गया। 53 वाहनों को जब्त किया गया। 70 नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़े गए।
वर्ष 2019 में नववर्ष की पूर्व संध्या पर दो, वर्ष 2020 में तीन और 2021 में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। जश्न के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़ने के लिए 114 टीमों को तैनात किया गया था।
कनॉट प्लेस, महरौली, साकेत, नेहरू प्लेस, वसंत विहार, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन, पीतमपुरा, नेताजी सुभाष प्लेस, लक्ष्मी नगर और मयूर विहार आदि स्थानों में स्थानीय पुलिस, पीसीआर के समन्वय से बाइक पर स्टंट, ओवरस्पीड, लापरवाही व जिग-जैंग और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वालों को पकड़ने के लिए विशेष पिकेट लगाई गई थीं।