पाकिस्तान कोई नर्क नहीं कहकर विवादों में फंसी कांग्रेस की पूर्व एमपी और अदाकारा रम्या ने मामले पर माफी मांगने से इंकार कर दिया है। गौरतलब है कि रम्या पर पाकिस्तान के समर्थन में बयान देने पर देशद्रोह का मामला दर्ज हो गया है।
उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के पाकिस्तान पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ये टिप्पणी थी दी। रम्या ने कहा था, "पाकिस्तान नर्क नहीं है। मनोहर पर्रिकर ने जो कहा था वैसा नहीं है।" कन्नड़ फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री रम्या, जिनका वास्तविक नाम दिव्या स्पंदना है, ने रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर के 'पाकिस्तान जाना नर्क जाने जैसा अनुभव रहा' वाले बयान के संदर्भ में कहा था, "पाकिस्तान नर्क नहीं है... वहां के लोग बिल्कुल हम जैसे हैं... उन्होंने हमारे साथ बहुत अच्छा बर्ताव किया..."
दरअसल, दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन, यानी सार्क सम्मेलन के सिलसिले में की गई अपनी पाकिस्तान यात्रा के बाद रम्या ने यह बयान दिया था।
इसके बाद से ही 33-वर्षीय अभिनेत्री और वर्ष 2011 से कांग्रेस पार्टी नेता रम्या को माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर 'राष्ट्रविरोधी' बयान देने के लिए लताड़ा जा रहा है, और राजधानी बेंगलुरू से लगभग 250 किलोमीटर दूर दक्षिणी कर्नाटक के कोडागु में एक वकील ने उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करवा दिया है। मिली खबरों में केस दर्ज करवाने वाले कटनामाने विट्ठल गौड़ा नामक वकील के हवाले से कहा गया है कि वह रम्या द्वारा पाकिस्तानियों की तारीफ किए जाने से 'स्तब्ध' हैं। मामले की सुनवाई इसी सप्ताह शनिवार को होगी।