ममता बनर्जी ने इस्तीफे की पेशकश की
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है। ऐसे में हर किसी के जेहन में बस एक ही सवाल है कि क्या 14 अप्रैल को लॉकडाउन हटेगा या फिर ये आगे बढ़ेगा। इसको लेकर जहां अभी केंद्र सरकार सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों से बात कर रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री लॉकडाउन में कुछ छूट के संकेत दे रही हैं।
दरअसल व्यापार और उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक के बाद, सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार सड़कों पर टैक्सियों को उतारने के लिए न्यूनतम परिवहन पर विचार कर रही है। हालांकि, अगर ऐसा होता है तो गाड़ी में ड्राइवर सहित केवल चार लोग ही बैठ सकेंगे।
सीएम ममता बनर्जी ने आगे कहा, "हमने पहले ही भोजन और अन्य सामानों की होम डिलीवरी की अनुमति दे दी है। सामानों को ढोने के लिए यातायात की जरूरत है, लेकिन बड़े पैमाने पर नहीं।" हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की जिंदगी को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि हम जो कुछ भी करें उसमें लॉकडाउन का सम्मान होना चाहिए।
बैठक के बाद बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार कुछ कंपनियों के कारखानों के अंदर सीमित संख्या में कर्मचारियों को काम करने की अनुमति देने के बारे में सोच रही है। उन्होंने कहा, "इस दौरान इन कर्मचारियों का हैंड सैनिटाइजर और मास्क लगाना अनिवार्य किया जाना चाहिए।" उन्होंने कॉरपोरेट्स और उद्योग निकायों से आग्रह किया कि वे शहर के अलग-अलग हिस्सों में बाजार का समर्थन करें। ताकि, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखा जा सके और उन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को हैंड सैनिटाइजर दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य के लघु उद्योगों को हैंड सैनिटाइजर और वॉशेबल क्लॉथ मास्क के निर्माण में शामिल होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने उद्योग के प्रतिनिधियों को यह भी आश्वासन दिया कि सरकारी लाइसेंसों की समय सीमा 31 मार्च से 30 जून तक बढ़ा दी जाएगी।