फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka: 'इमोशनल टच' कर गया काम, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के हाव-भाव पर कर्नाटक ने लगाई मुहर

Sat, 13 May 2023 05:16 PM IST
कुमार विवेक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Karnataka Assembly Poll Results: कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस की तत्कालीन अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुई थीं। इस दौरान कुछ भावुक क्षण भी देखने को मिले थे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी अपनी मां के जूते के फीते बांधते दिखाई दिए थे। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मतदाताओं को इमोशनल टच देने की कोशिश की थी, जिसपर वोटरों ने आखिरकार मुहर लगा दी है।
विज्ञापन
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैसूरु में लोगों को संबोधित करते राहुल गांधी। - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। रुझानों में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को पटखनी देती दिख रही है। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की सफलता को भारत जोड़ो यात्रा के सकारात्मक परिणाम के रूप में देखा जा रहा है। राज्य में कांग्रेस की बढ़त की खबरें आते ही कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर यात्रा के दौरान का एक वीडियो साझा कर लिखा, "मैं अजेय हूं, मुझे भरोसा है आज मुझे कोई रोकनेवाला नहीं है।" कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम बता रहे हैं राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से कर्नाटक में लंबे समय से हांफती पार्टी को जनता से जोड़ने में सफल रहे हैं। यात्रा से जुड़ा वीडियो खुद साझा कर पार्टी ने इस बात पर मुहर भी लगा दी है।

कर्नाटक में 21 दिन रही भारत जोड़ो यात्रा, सोनिया गांधी भी हुईं शामिल

कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर 2002 को पहुंची थी। इसके बाद राज्य में राहुल की पदयात्रा 21 दिनों तक जारी रही। इस दौरान कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में गए, गांवों का दौरा किया और लोगों से मिले। कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस की तत्कालीन अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुई थीं। सोनिया गांधी कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में छह अक्तूबर को शामिल हुई। वहीं प्रियंका गांधी यात्रा में सात अक्तूबर को शामिल हुईं। इस दौरान कुछ भावुक क्षण भी देखने को मिले थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मां सोनिया के जूते का फीता बांधते राहुल (बाएं)। - फोटो : Social Media

यात्रा के दौरान मां सोनिया के जूते के फीते बांधते दिखे थे राहुल

यात्रा के दौरान राहुल गांधी अपनी मां के जूते के फीते बांधते दिखाई दिए थे। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मतदाताओं को इमोशनल टच देने की कोशिश की थी, जिसपर वोटरों ने मुहर लगा दी है। कर्नाटक के हलकुंडी गांव में यात्रा के दौरान कांग्रेस के वतर्मान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जो उस समय अध्यक्ष चुनाव के उम्मीदवार थे भी शामिल हुए थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे थे। कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया था- "ये साथ अपनों का है, अपनेपन का है। इस साथ को हम निभाएंगे... #BharatJodoYatra का विश्वास भरा एक ओर दिन।"

कर्नाटक के सात लोकसभा क्षेत्रों के 20 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी थी यात्रा

मतदाताओं पर कांग्रेस नेता के इन हाव-भावों का सकारात्मक असर पड़ा और उन्होंने विधानसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान कांग्रेस पर भरोसा जताया। राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत तमिलनाडु के कन्याकुमारी से की थी। इसका समापन कश्मीर में किया गया है। राहुल ने तीन चरणों में अपनी यात्रा को पूरा किया था। कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर 2002 को पहुंची थी। चुनावी राज्य में कांग्रेस नेता अगले 21 दिनों में लगभग 500 किलोमीटर पैदल चले। राहुल की यात्रा कर्नाटक के सात लोकसभा क्षेत्रों और 20 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी थी। कर्नाटक के मैसूर में राहुल गांधी मूसलधार बारिश के बीच लोगों को संबोधित करते दिखे थे। हालांकि भारत जोड़ो यात्रा के ठीक बाद हुए दो निकाय चुनावों में कांग्रेस भाजपा को पटखनी देने में असफल रही थी। पर अब विधानसभा चुनावों के परिणाम में कांग्रेस ने हिसाब बराबर कर लिया है।

कर्नाटक में कांग्रेस के लिए रामबाण साबित हुई भारत जोड़ो यात्रा

बजरंग दल और बजरंग बली जैसे चुनावी मुद्दों से पहले हुई भारत जोड़ा यात्रा कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए रामबाण साबित हुई है। कर्नाटक चुनाव में भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए सकारात्मक परिणाम लाएगी इस बात के कयास पहले से लगाए जा रहे थे। दरअसल, कर्नाटक की सड़कों पर राहुल गांधी ने अपनी छोटी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के साथ खूब मेहनत की थी और जमकर पसीना बहाया था। यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया राहुल गांधी का हाथ पकड़कर दौड़ लगाते दिखे थे।

डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया की मेहनत लाई रंग

डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने राहुल के साथ मिलकर ढोल भी बजाया था। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक के इन दो दिग्गज नेताओं ने भी यात्रा को सफल बनाने के लिए दिन रात एक कर दिया था। इन कवायदों का फायदा चुनाव परिणामों में कांग्रेस के पक्ष में दिख रहा है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद पहले हिमाचल और अब कर्नाटक में कांग्रेस ने अपनी जीत का पताका फहराया है। कर्नाटक की जीत हिमाचल से भी अहम है क्योंकि यह राज्य भाजपा के हार्डलाइन हिंदुत्व का अखाड़ा बना हुआ था। इसके बावजूद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपनी बात वोटरों तक पहुंचाने में सफल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें