राजधानी सहित पूरे देश में कोरोना के घटते मामलों के बीच लोग अपने भाई-बहनों के घर पहुंचे और रक्षाबंधन का त्योहार खूब जोश के साथ मनाया। सड़कों पर कोरोना के प्रति लोगों में सावधानी और लापरवाही, दोनों ही देखी जा रही है। कुछ लोग मास्क लगाए हुए नजर आए तो कुछ लोग मास्क के प्रति लापरवाह भी दिखे। वहीं, व्यापारियों को अब बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।
राजधानी दिल्ली की सुबह तेज बारिश के साथ हुई। इसके कारण जहां-तहां पानी इकट्ठा हो गया जिसके कारण जगह-जगह पर भारी जाम भी लग गया, लेकिन इसके बाद मौसम ठीक-ठाक रहने से बाहर निकलने वालों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ी और बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ गई।
बाजारों में व्यापार लौटने की उम्मीद
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के दिल्ली-एनसीआर के अध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि कोरोना के मामले कम होने से लोगों में विश्वास बढ़ा है। बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ी है। इससे आने वाले समय में भी बाजार में व्यापार में बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस पूरे माहौल में व्यापारी और ग्राहक दोनों के ही स्तर पर कोरोना के प्रति लापरवाह न होने की आवश्यकता है। व्यापारी भी ग्राहकों से मास्क लगाए रखने की अपील कर रहे हैं।
हालांकि, नौकरियों पर संकट होने के कारण लोगों की खरीदारी की क्षमता अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। बाजार में अभी कोरोना काल के पूर्व की तुलना में 35 फीसदी ही खरीदारी हो रही है। इससे व्यापारियों को भारी मात्रा में निवेश का प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है।
कोरोना की तीसरी लहर के लिए अगस्त का महीना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। अब तक कोरोना के मामले न बढ़ने से लोगों को उम्मीद है कि अब कोरोना की तीसरी लहर नहीं आएगी, या यह उतनी खतरनाक नहीं होगी जितनी की उम्मीद जताई जा रही थी। अगर यह रुख बरकरार रहता है तो व्यापारियों को उम्मीद है कि दीवाली तक बाजार एक बार फिर से गुलजार हो सकता है।
दिल्ली में आज केवल 24 नए मामले
दिल्ली सरकार के द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक आज दिल्ली में कोरोना के केवल 24 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इसी दौरान 56 लोग स्वस्थ होकर अपने घर वापस गए हैं। कोरोना पॉजिटिविटी रेट घटकर 0.04 फीसदी पर आ गया है जो काफी राहत प्रदान करने वाला है। आज भी कोरोना के कारण यहां किसी मरीज की मौत नहीं हुई है जिससे स्वास्थ्य विशेषज्ञ एक बेहतर संकेत मान रहे हैं।