प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नए संसद भवन की कैंटीन में सांसदों के साथ दोपहर को भोजन किया। खास बात यह रही कि भाजपा के अलावा अलग-अलग राजनीतिक दलों के सांसद भी इसमें शामिल हुए। बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा, रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के एन के प्रेमचंद्रन, तेलुगु देशम पार्टी के राम मोहन नायडू, बहुजन समाज पार्टी के रितेश पांडे और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, हीना गावित सहित भाजपा के कुछ नेताओं ने पीएम मोदी के साथ दोपहर का भोजन किया।
Enjoyed a sumptuous lunch, made even better thanks to the company of Parliamentary colleagues from various parties and different parts of India. pic.twitter.com/6MWTOCDnPJ
भाजपा सांसद ने बताया अपना अनुभव
भाजपा सांसद हीना गावित ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि पीएम मोदी उन्हें ढूंढ रहे हैं, तो वह सोच में पड़ गईं। जब मैं वहां पहुंची, तो पहले से ही विभिन्न पार्टियों के कई सांसद मौजूद थे। हम पीएम से मिले। उन्होंने मुस्कुराकर हमारा स्वागत किया।
हीना गावित ने आगे कहा, 'पीएम मोदी ने बताया कि वे हमें कहीं ले जा रहे हैं। हम उनके साथ गए और उन्होंने हमें संसद की कैंटीन में ले गए। कुछ सांसद कैंटीन में अपना खाना खा रहे थे, वे सभी पीएम मोदी को देखकर हैरान हो गए। कैंटीन पहुंचकर पीएम मोदी ने हमें बताया कि वे हमें लंच के लिए लेकर आए हैं। यह एक आश्चर्यचकित और खास पल था। यह एक ऐसा अनुभव था जो उन्हें जीवनभर याद रहेगा।