जानकारी के मुताबिक बीएसएफ जवान को 15-20 अवैध बांग्लादेशी बदमाशों के एक समूह ने उस समय अगवा कर लिया था, जब वह पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर इलाके में बिराल सीमा के पास गश्त कर रहा था।
सीमा सुरक्षा बल ने मंगलवार को कहा कि उसने अपने बांग्लादेशी समकक्ष बीजीबी के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है, जब उसके जवान को पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर गश्त के दौरान पड़ोसी देश के बदमाशों की तरफ से अपहरण कर लिया गया।
विज्ञापन
फ्लैग मीटिंग के बाद बीएसएफ जवान को लौटाया
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने दोनों पक्षों के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद बीएसएफ जवान को वापस सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक जवान को 15-20 अवैध बांग्लादेशी बदमाशों के एक समूह ने उस समय अगवा कर लिया था, जब वह पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर इलाके में बिराल सीमा के पास गश्त कर रहा था।
भारतीय सीमा में घुसे थे बांग्लादेशी बदमाश
बीएसएफ के एक बयान में कहा गया, बदमाशों ने भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया और बीएसएफ जवान को जबरन बांग्लादेश ले गए और उसे बीजीबी की हिरासत में रख लिया। इस खतरनाक स्थिति के जवाब में, बीएसएफ ने कहा, सिलीगुड़ी में मुख्यालय वाले इसके उत्तर बंगाल फ्रंटियर महानिरीक्षक ने तुरंत बीजीबी के उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र कमांडर से संपर्क किया और अपहृत जवान की तत्काल रिहाई की मांग की।
विज्ञापन
'हम सीमा पर शून्य गोलीबारी की अपनी नीति के प्रति प्रतिबद्ध'
सीमा सुरक्षा बल ने कहा कि उसने इस कृत्य की निंदा की है और बांग्लादेशी बदमाशों की हरकतों के खिलाफ औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। बीएसएफ ने कहा कि उसने सीमा पर शांतिपूर्ण संबंध बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया है और बीजीबी से अपने नागरिकों को ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश देने का आग्रह किया है। बल ने कहा, बीएसएफ सीमा पर शून्य गोलीबारी की अपनी नीति के प्रति प्रतिबद्ध है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीजीबी से सहयोग चाहता है। बल ने कहा कि उसने अपने कर्मियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम किया और सेक्टर कमांडरों के बीच बैठक के बाद जवान को बीजीबी ने वापस कर दिया।
भारत और बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा है जिसकी सुरक्षा क्रमशः बीएसएफ और बीजीबी करते हैं। 5 अगस्त को ढाका में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से भारतीय बल अलर्ट मोड पर है।