फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केरलम: खेत में टूटे बिजली के तार ने ली युवक की जान, राज्य विद्युत बोर्ड ने मांगी माफी; जांच के आदेश भी जारी

Sun, 15 Nov 2026 10:56 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, मलप्पुरम, केरलम

सार

केरल के मलप्पुरम जिले में 13 वर्षीय जुनैद की खेत में टूटे बिजली के स्टे वायर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के आदेश दिए हैं।  केएसईबी ने हादसे पर माफी मांगते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पूरे राज्य में बिजली लाइनों की सुरक्षा जांच कराने का एलान किया है।
विज्ञापन
KSEB - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरलम के मलप्पुरम जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते 13 साल के एक बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। बच्चा अपने दोस्तों के साथ धान के खेत में ट्रैक्टर से जुताई देखने गया था। इसी दौरान वह बिजली के खंभे को सहारा देने वाले टूटे हुए स्टे वायर के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि यह तार ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में था, जिससे उसमें करंट उतर आया। घटना के बाद बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, केरलम राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) ने हादसे पर माफी मांगी है।
विज्ञापन


ट्रैक्टर से जुताई देखने गया था जुनैद
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान तिरुरंगडी के चेरुमुक्कू निवासी शिहाबुद्दीन के बेटे जुनैद के रूप में हुई है। रविवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित धान के खेत में ट्रैक्टर से जुताई देखने गया था। इसी दौरान खेत में जमीन पर पड़ा बिजली के खंभे से जुड़ा टूटा हुआ स्टे वायर उसके संपर्क में आ गया। तार में करंट होने के कारण जुनैद उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं पहुंचे पास
स्थानीय लोगों के अनुसार, जुनैद के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने उन्हें तार के पास जाने से रोक दिया। इस वजह से उसके दोस्त भी करंट की चपेट में आने से बच गए। लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद केएसईबी अधिकारियों को बार-बार फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने की मांग की गई, लेकिन बिजली काटने में काफी देर हुई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
विज्ञापन


इलाके में पहले से खराब पड़े थे बिजली के तार
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके में कई स्टे वायर लंबे समय से खराब हालत में हैं। बिजली की लाइनें भी खतरनाक तरीके से काफी नीचे लटक रही हैं। जिस धान के खेत में हादसा हुआ, वहां सालभर किसानों और मछुआरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बिजली के तारों की खराब स्थिति लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

मंत्री ने दिए जांच और मुआवजे के आदेश
बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने जुनैद की मौत पर दुख जताया और मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने तिरुरंगडी के डिप्टी चीफ इंजीनियर को जल्द से जल्द तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या बिजली विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई लापरवाही हुई थी और क्या बिजली लाइनों की खतरनाक स्थिति को लेकर पहले की गई शिकायतों को नजरअंदाज किया गया था। मंत्री ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

केएसईबी ने परिवार और जनता से मांगी माफी
केरलम राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) ने बयान जारी कर जुनैद की मौत पर गहरा दुख जताया और परिवार से माफी मांगी। बोर्ड ने कहा कि प्रबंधन और कर्मचारियों की ओर से जुनैद के माता-पिता, रिश्तेदारों, दोस्तों और आम जनता से माफी मांगी जाती है। बोर्ड के मुताबिक, तिरूर इलेक्ट्रिकल सर्कल के डिप्टी चीफ इंजीनियर की निगरानी में हादसे की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाएगी। यदि कोई अधिकारी लापरवाही का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

पूरे राज्य में बिजली लाइनों की होगी जांच
केएसईबी ने बताया कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए पूरे राज्य में बिजली लाइनों की पेट्रोलिंग और सुरक्षा जांच की जाएगी। संभावित खतरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली से जुड़ा कोई भी खतरा दिखाई देने पर उसकी तस्वीर और जानकारी व्हाट्सएप नंबर 9496010101 पर भेजें। बोर्ड ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बिजली से जुड़े खतरों की समय पर जानकारी मिलने से ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: रूपाली चाकणकर ने अपने स्टाइल को कराया ट्रेडमार्क, विपक्ष ने घेरा; क्या बोले एनसीपी-कांग्रेस नेता?
विज्ञापन


पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने जुनैद के शव को तिरुरंगडी तालुक अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार रात शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना ने बिजली लाइनों और खंभों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें