भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने ब्रिटिश नागरिकों की मदद के लिए अहमदाबाद हवाईअड्डे के पास उम्मेद होटल में एक सहायता केंद्र स्थापित किया है। यह केंद्र सुबह 9 से रात नौ बजे तक खुला रहेगा। ब्रिटेन और भारत मिलकर विमान दुर्घटना की जांच कर रहे हैं और पीड़ितों के परिवारों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।
अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने ब्रिटिश नागरिकों के परिवारों और दोस्तों की मदद के लिए एक सहायता केंद्र शुरू किया है। यह सहायता केंद्र उम्मेद होटल में स्थापित किया गया है, जो अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास है।
विज्ञापन
ब्रिटिश उच्चायोग के बयान के अनुसार, सहायता केंद्र आज से हर दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'यूके ने 12 जून को विमान दुर्घटना के बाद ब्रिटिश नागरिकों के परिवारों और दोस्तों को सहायता और सलाह देने के लिए उम्मेद होटल में एक सहायता केंद्र स्थापित किया है। अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास यूके सहायता केंद्र आज से हर दिन सुबह 9 से रात 9 बजे तक खुला रहेगा।'
उड़ान भरने के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था विमान
गौरतलब है कि अहमदाबाद से एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान बृहस्पतिवार को लंदन जा रहा था। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से केवल एक ही बच पाया। एअर इंडिया के अनुसार, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे।
लिंडी कैमरन ने पीएम मोदी से मुलाकात कर घटना पर जताया दुख
इससे पहले शुक्रवार को भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विमान हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन मिलकर हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं और ब्रिटेन सभी प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तैयार है। कैमरन ने यह भी बताया कि जो लोग प्रभावित हैं, वे 24 घंटे चलने वाली कांसुलर हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं और ब्रिटिश उच्चायोग की वेबसाइट पर ताजा जानकारी पा सकते हैं।
विमान ने एटीसी की कॉल का नहीं दिया जवाब
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, विमान ने बृहस्पतिवार दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के बाद विमान ने एक आपातकालीन (मेडे) संदेश भेजा, लेकिन उसके बाद एटीसी की किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया। जल्द ही विमान एयरपोर्ट के पास जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद वहां से काला धुआं उठता देखा गया।
संबंधित वीडियो