कुडुर पुलिस थाने के प्रमुख ने बताया कि बसवलिंगा स्वामी की कथित खुदकुशी की घटना सोमवार सुबह रामनगर जिले के मगड़ी के पास केम्पापुरा गांव में हुई। उनका शव मठ के पूजा घर की खिड़की की जाली से फंदे पर लटका मिला।
कर्नाटक के रामनगर जिले के श्री कंचुगल बंदे मठ के मुख्य पुजारी बसवलिंगा स्वामी (45) ने अपने कक्ष में कथित तौर पर फंदे पर लटक कर जान दे दी। उनके कक्ष से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने उनकी अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Karnataka | A body of another seer Basavalinga Swami of Sri Kanchugal Bande Mutt, aged 45, was found in a room of the mutt in Ramnagara district, yesterday. The seer had an unnatural death. Case registered at Kudur PS: Police
सितंबर में महिलाओं का ऑडियो टेप जारी होने के बाद एक स्वामी ने की थी खुदकुशी
इससे पहले सितंबर में कर्नाटक के श्री गुरु मैदिवालेश्वर लिंगायत मठ के स्वामी बसवा सिद्धलिंग स्वामी ने भी फंदे पर लटक कर जान दे दी थी। पुलिस सूत्रों ने कहा था कि बसवा सिद्धलिंग स्वामी कथित तौर पर उस ऑडियो क्लिप से परेशान थे, जिसमें कर्नाटक के मठों में यौन उत्पीड़न के कथित मामलों को लेकर दो महिलाएं चर्चा कर रही थीं। इन महिलाओं ने ऑडियो में उनके नाम का भी जिक्र था।
शरणारू को भेजा गया जेल
बसवा सिद्धलिंग स्वामी की खुदकुशी की घटना एक अन्य लिंगायत मठ के प्रमुख शिवमूर्ति मुरुघ शरणारू द्वारा दो नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में जेल जाने के बाद हुई थी। शरणारू के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो (POCSO) और एससी एसटी एक्ट (SC-ST ACT ) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।