उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के दक्षिण भारत बनाम उत्तर भारत वाले बयान पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने ट्वीट करके लिखा- ''राहुल, सनातन आस्था की तपस्थली केरल से लेकर प्रभु श्री राम की जन्मस्थली उत्तर प्रदेश तक सभी लोग आपको समझ चुके हैं। विभाजनकारी राजनीति आपका राजनीतिक संस्कार है। हम उत्तर या दक्षिण में नहीं, पूरे भारत को माता के स्वरूप में देखते हैं।''
राहुल गांधी को बताया अवसरवादी
भाजपा ने राहुल गांधी ने उत्तर भारतीयों के खिलाफ बताया। भाजपा के कई नेताओं ने राहुल पर निशाना साधते हुए उन पर आरोप लगाया कि वे अवसरवादी हैं जबकि उन्होंने और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश में अमेठी से कई चुनाव जीते हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ''कुछ दिन पहले वह (गांधी) पूर्वोत्तर में थे, भारत के पश्चिमी हिस्से के खिलाफ जहर उगल रहे थे। आज वह दक्षिण में उत्तर के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। विभाजन और शासन की राजनीति काम नहीं करेगी राहुल गांधीजी! लोगों ने इस राजनीति को खारिज कर दिया है। देखें गुजरात में आज क्या हुआ!''