पिछले एक साल से देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जारी है। कई राज्यों में बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। वहीं अब वायरस का नया स्ट्रेन मुश्किलें बढ़ा रहा है। ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और मिडिल ईस्ट के बाद भारत में भी कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पैर पसारता नजर आ रहा है। भारत में कोविड-19 वायरस के दो नए स्ट्रेन का पता चला है। इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि देश में कोरोना का नया स्ट्रेन ज्यादा संक्रामक हो सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को पत्र लिखा है, जिसमें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आरटी-पीसीआर जांच समेत हर संभव उपाय करने के निर्देश दिए हैं।
इन राज्यों के लिए कोविड नियंत्रण टीमें बनाईं
केंद्र सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मप्र, गुजरात, पंजाब, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर के लिए उच्च स्तरीय टीमें बनाई हैं, जो कोविड के प्रसार को रोकने में सहयोग करेंगीं। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि ये टीमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगी।
नया स्ट्रेन अधिक घातक : विशेषज्ञ
पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के डायरेक्टर ने इस बात की आशंका जताई है कि देश में कोरोना का नया स्ट्रेन और अधिक घातक हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत में पाया गया कोरोना का नया स्ट्रेन (यूके स्ट्रेन) ज्यादा घातक है। ये नया स्ट्रेन ज्यादा संक्रामक हो सकता है, ऐसे में हमें कोरोना के नए मामलों में वृद्धि को रोकने के लिए हर संभव सावधानी बरतनी चाहिए।