कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्विटर पर वॉशिंग पाउडर वाले विज्ञापन का ग्राफिक पोस्ट किया, जिसके कैप्शन में लिखा है- दूध सी सफेदी भाजपा से आए, कलंकित नेता भी खिलखिल जाए।
कांग्रेस ने मंगलवार को वॉशिंग पाउडर वाले विज्ञापन के साथ भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसकी राज्य सरकारें डबल वॉशिंग मशीन व्यवस्था के अलावा और कुछ नहीं रह गई हैं, जहां पिछले पाप साफ हो जाते हैं। पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने ट्विटर पर वॉशिंग पाउडर वाले विज्ञापन का ग्राफिक पोस्ट किया, जिसके कैप्शन में लिखा है- दूध सी सफेदी भाजपा से आए, कलंकित नेता भी खिलखिल जाए।
पूर्वोत्तर में तीन सरकारों को शपथ के बीच कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस की ओर से यह हमला ऐसे समय में किया गया है, जब पूर्वोत्तर में तीन सरकारों को शपथ दिलाई जानी हैं। इनमें एनपीपी प्रमुख कोनराड संगमा के नेतृत्व वाला मेघालय भी शामिल है। मेघालय में संगमा के नेतृत्व वाली सरकार भाजपा का समर्थन हासिल है। इसको लेकर कांग्रेस ने निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उनकी सरकार को सबसे भ्रष्ट कहा था और अब पार्टी उनके साथ ही हाथ मिला रही है।
विज्ञापन
'डबल वॉशिंग पाउडर से ज्यादा कुछ नहीं भाजपा की राज्य सरकारें'
रमेश ने कहा, आज प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर में दो तथाकथित डबल इंजन सरकारों को लॉन्च करने जा रहे हैं, जिसमें से एक तीसरी (सरकार) जल्द ही एक उनका अनुसरण करने वाली है। भाजपा की राज्य सरकारें डबल वाशिंग मशीन सरकारों के अलावा और कुछ नहीं बन गई हैं, जहां प्रधानमंत्री की छवि को मजबूत करने में मदद करने के लिए पिछले पापों को साफ किया जाता है।
कोनराड संगमा ने मेघालय के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
प्रधानमंत्री मोदी मेघालय, त्रिपुरा और नगालैंड में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए पूर्वोत्तर के दौरे पर हैं और असम मंत्रिमंडल के साथ बंद कमरे में बैठक भी कर रहे हैं। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता कोनराड संगमा ने मंगलवार को अपने मंत्रिपरिषद के 11 सदस्यों के साथ मेघालय के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए।