भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के आंतरिक चुनाव को मजाक करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि यह चुनाव मुगल शैली का है। सत्तारूढ़ दल ने इसे मजाक करार देते हुए कहा कि क्या यह अक्टूबर में 'अप्रैल फूल दिवस' मनाने वाली है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने व्यंग्य करते हुए सवाल किया, क्या इस साल अक्टूबर में मूर्ख दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी इस तमाशे की सच्चाई को जानते हैं। पूनावाला ने कहा, कांग्रेस वास्तव में लोकतंत्र मुक्त और जवाबदेही मुक्त पार्टी है। वहां प्रदर्शन से अधिक परिवार और गुण से अधिक चापलूसी अहम है।
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वहां किसी ऐसे व्यक्ति को दोबारा नेतृत्व देने पर शोरशराबा नहीं होगा, जिसके नेतृत्व में 49 में से 39 विधानसभा चुनावों में और दो लोकसभा चुनावों में हार मिली हो।
पूनावाला ने आरोप लगाया कि यह चयन या मुगल सल्तनत शैली में ताजपोशी से ज्यादा कुछ नहीं है जिसे चुनाव जैसे स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि हाल में कांग्रेस छोड़ने वाले गुलाम नबी आजाद सहित कई नेताओं ने राहुल गांधी और प्रस्तावित चुनाव प्रक्रिया की आलोचना की थी और आतंरिक चुनाव को दिखावा करार दिया था।
पूनावाला ने कहा कि जब वह कांग्रेस में थे तो खुद संगठन में चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया गया जो उसकी मुगल शैली की ताजपोशी को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम रमेश ने गुलाम नबी आजाद की आलोचना और कई नेताओं द्वारा उनका समर्थन किए जाने के बाद यह घोषणा की है।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तारीख 17 अक्टूबर घोषित किए जाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाने वाली एकमात्र पार्टी होने के का दावा किए जाने के बाद भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने सवाल किया, क्या यह मजाक है।