सांसद आदित्यनाथ के संरक्षकत्व वाली हिंदू युवा वाहिनी ने बगावत कर विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का एलान कर दिया है। यही नहीं, छह प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी गई है। हालांकि, सांसद आदित्यनाथ ने हिंदू युवा वाहिनी के नाम पर चुनाव लड़ने की बात अवैध करार दिया है।
वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह का कहना है कि वह पूर्वांचल की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे। शेष नामों की घोषणा शीध्र ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने योगी आदित्यनाथ का अपमान किया है। इसलिए हिंदू युवा वाहिनी सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने से इंकार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी युवा वाहिनी के उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं क्योंकि बीजेपी ने उन पर काला जादू कर रखा है।
Yogi Adityanath Ji is denying that Hindu Yuva Vahini will contest #UPpolls because he is under BJP's black magic: Sunil Singh, Pres HYV pic.twitter.com/3NzgTef60k
— ANI UP (@ANINewsUP) January 28, 2017
महंत आदित्यनाथ ने हिंदू युवा वाहिनी का गठन 2002 में एक धार्मिक और सांस्कृतिक संगठन के रूप में किया था। तब से यह संगठन हिंदुत्व के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करता रहा है। इससे जुड़े कई लोग भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा में भी पहुंच चुके हैं। रामकोला से विधायक रहे अतुल सिंह और हाटा से विधायक रहे शंभू चौधरी तो हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी भी रहे। तुलसीपुर से विधायक रहे कौशलेंद्र महराज भी विश्व हिंदू महासंघ व हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े रहे। इस चुनाव में भी राघवेंद्र प्रताप सिंह, राकेश बघेल और श्यामधनी राही भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।
हिंदू युवा वाहिनी के तमाम नेता भाजपा से टिकट की उम्मीद लगाए थे पर निराशा हाथ लगने पर शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने बैठक कर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। बैठक के बाद उन्होंने छह प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इनमें पनियरा से सतीश सिंह सैथवार, सिसवां से ज्योतिष मणि त्रिपाठी, पड़रौना से राजन जायसवाल, खड्डा से अजय गोविंद राव, कसया से राजेश्वर सिंह, फरेंदा से जीतेंद्र शर्मा को उन्होंने प्रत्याशी बनाया है।