सत्तारूढ़ भाजपा ने अगले महीने होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने इसमें वादा किया कि वह सत्ता में वापस आने पर पांच साल में राज्य को ‘बेरोजगारी से मुक्त’ कर देगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गोवा के मौजूदा मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर, केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नायक और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में कहा गया, ‘रोजगार प्राथमिकता बना हुआ है ताकि सुनिश्चित किया जाए कि हमारे युवाओं को लाभप्रद रोजगार मिले। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए हम गोवा को उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन एवं कृषि आधारित क्षेत्रों के लिहाज से निवेशक अनुकूल बनाने का प्रस्ताव रखते हैं।’
पारसेकर ने कहा, ‘अगले पांच साल रोजगार सृजन के लिए समर्पित होंगे ताकि राज्य बेरोजगारी से मुक्त हो।’ भाजपा के घोषणापत्र में पर्यटन, उद्योग एवं रोजगार सृजन की क्षमता रखने वाले क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत दिशा निर्देशों के जरिये व्यापार को सरल बनाने को लेकर आश्वस्त किया गया।