गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर किया पलटवार।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर अदाणी समूह और मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया है। राहुल गांधी ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'अदाणी और कोयले की रहस्यमयी कीमतों में वृद्धि' पर एक मीडिया रिपोर्ट को लेकर तंज कसा। इसके बाद, भाजपा ने इन आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, भ्रष्टाचार तो खुद कांग्रेस के डीएनए में है। भाटिया ने सवाल किया कि वे नेशनल हेराल्ड मामले में चुप क्यों हैं। भाटिया ने कहा, कांग्रेस परिवार दुनिया में सबसे भ्रष्ट है।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कान्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी दोनों भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं। वह (राहुल गांधी) नेशनल हेराल्ड घोटाले और रॉबर्ट वाड्रा के भ्रष्टाचार पर नहीं बोलेंगे। भ्रष्टाचार कांग्रेस के डीएनए में है। जिन पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं वहां कांग्रेस की हार निश्चित है। भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जनता का पैसा लूटने की पुरानी आदत है। सभी पांच राज्यों में जीत दर्ज कर भाजपा उसकी इस आदत पर अंकुश लगाएगी।
फलस्तीन पर कांग्रेस के रुख की भी आलोचना की
भाटिया ने फलस्तीन को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी निशाना साधा। भाटिया ने कहा, जबकि विदेश नीति भारत सरकार का क्षेत्र है, कुछ विपक्षी दल सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति में रुचि रखते हैं और एक आतंकवादी संगठन की निंदा नहीं कर सकते। कुछ सांसद खुद को देश से ऊपर मानते हैं और देश के हितों को नजरअंदाज कर बयान देते हैं। कई विपक्षी नेताओं ने हाल ही में फलस्तीन के लोगों के साथ एकजुटता की अभिव्यक्ति में फलस्तीनी दूत से मुलाकात की और गाजा पर ‘अंधाधुंध बमबारी’ के लिए इस्राइल की आलोचना भी की थी।
कर्नाटक के मंत्री शिवानंद पाटिल पर नोटों की बौछार का भी मुद्दा उठाया
इस दौरान गौरव भाटिया ने कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता शिवानंद पाटिल पर चुनावी राज्य तेलंगाना में नोटों की बौछार किए जाने का मुद्दा उठाया। भाटिया ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार की काली कमाई से लोकतंत्र और चुनावों को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पाटिल ने स्वीकार किया है कि वायरल वीडियो में वह ही थे लेकिन कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। भाटिया ने कहा, उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए क्योंकि ऐसे ‘भ्रष्ट’ मंत्री का पद पर बने रहना लोकतंत्र के लिए खतरा है।
राहुल ने क्या कहा था?
इससे पहले, बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर अदाणी समूह पर बड़ा हमला किया है। राहुल गांधी ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'अदाणी और कोयले की रहस्यमयी कीमतों में वृद्धि' पर एक मीडिया रिपोर्ट दिखाई। राहुल ने कहा, "अदाणी जी जो चाहते हैं उन्हें मिल जाता है। सब जानते हैं कि अदाणी समूह ने भ्रष्टाचार किया है। अदाणी ने 32000 हजार करोड़ का घोटाला किया। अदाणी समूह को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। महंगी बिजली के पीछे अदाणी समूह का हाथ है। सवाल उठने पर भी जांच नहीं की जा रही है। ऐसी क्या बात है कि जांच नहीं हो रही है।" राहुल गांधी ने कहा कि अदाणी समूह ने कोयले के आयात में गड़बड़ी की और 12000 करोड़ रुपये का गबन किया है।