पीएम नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक को लेकर सियासत गरमाती जा रही है। भाजपा ने रविवार को नया सवाल खड़ा किया। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का नाम लिए बगैर कांग्रेस से पूछा, 'आखिर एक मौजूदा सीएम ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पीएम की सुरक्षा की जानकारी क्यों दी? प्रियंका के पास कौनसा संवैधानिक पद है? उन्हें पीएम सुरक्षा को लेकर लूप में क्यों लिया गया?
पात्रा यहीं नहीं रुके उन्होंने कांग्रेस व गांधी परिवार को कठघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि प्रियंका कौन होती हैं, पीएम की सुरक्षा की जानकारी रखने वालीं? भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हमें पूरा यकीन है कि गांधी परिवार इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट रूप से सामने रखेगा।
सीएम चन्नी ने कहा था, 'पंजाब में पीएम को कोई खतरा नहीं था। वे पूरी तरह सुरक्षित थे। चन्नी ने कहा, इस संबंध में मैंने प्रियंका गांधी जी से बात की है और उन्हें सारे मामले से अवगत कराया है।' चन्नी के इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस व सीएम को निशाने पर लिया है। पात्रा ने सीएम चन्नी पर तंज कसते हुए कहा, 'चन्नी साहिब थोड़ा ईमानदार हो जाइये, आपने प्रियंका गांधी को अवश्य यह बात कही होगी कि काम हो गया सी... जो बोला था, वो हो गया!' यानी आपने जो कहा वह काम हो गया।'
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने चन्नी पर पलटवार करते हुए कहा है कि यह दुर्भाग्य की बात है कि चन्नी ने इस संबंध में प्रियंका गांधी को सारी बातें बताईं। इसके साथ ही पात्रा ने सवाल किया कि आखिर किस अधिकार के तहत प्रियंका गांधी को पीएम की सुरक्षा की जानकारी दी गई। एक मौजूदा सीएम ने पीएम की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे को लेकर प्रियंका गांधी को किस आधार पर सूचनाएं दीं? सीएम ने ऐसा क्यों किया? क्या प्रियंका गांधी किसी संवैधानिक पद पर हैं जो उन्हें जानकारी दी गई? प्रियंका गांधी कौन हैं जिन्हें एक मुख्यमंत्री ने सूचित किया?
चन्नी का तंज : पीएम के लिए महामृत्युंजय करा देता हूं
उधर, पंजाब के सीएम चन्नी ने भाजपा पर तंज किया है। उन्होंने एक चैनल से चर्चा में कहा, 'मैं पीएम के लिए महामृत्युंजय मंत्र का पाठ करा देता हूं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है। पंजाब को बदनाम करने वालों को पीछे मुड़ना पड़ा है।'
पंजाब में 14 फरवरी को चुनाव
पंजाब में चुनाव आयोग ने 14 फरवरी को चुनाव कराने का फैसला किया है, जबकि मतगणना 10 मार्च को कराई जाएगी। पंजाब में विधानसभा की 117 सीटें हैं। 2017 के चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।