किसानों की आय दोगुना करने के लिए हमने कई विशिष्ट कदम उठाये हैं। अटल जी की सरकार जाने के बाद नदियों को जोड़ने का काम छोड़ दिया गया था जिसको अब मोदी सरकार ने शुरू किया है। 2016-2017 में 5 करोड़ से ज्यादा किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का फायदा उठाया है। गरीबी हटाओ के नारे से सत्ता में तो बहुत से लोग आए थे लेकिन गरीबी को हटाने और गरीब के जीवन स्तर को उठाने का काम मोदी सरकार ने किया है।
अलग अलग सरकारों के दौरान बंद पड़ गए 6 यूरिया कारखानों की कोई सुध नहीं ले रहा था लेकिन हमारी सरकार ने इनको दोबारा शुरू किया। 3.5 करोड़ से ज्यादा किसानों को अब तक सॉइल हेल्थ कार्ड जारी किये जा चुके हैं। हमने हर फसल के लिए उसकी लागत से डेढ़ गुना ज्यादा मूल्य देने का फैसला लिया है। ये सरकार ऐसी है जो लोगों के लिए अच्छे फैसले लेती है लेकिन लोगों को अच्छे लगने वाले फैसले नहीं लेती।
शाह ने कहा कि दुनिया में सबसे बड़ा जो आर्थिक सुधार हुआ है वो भारत में GST के रूप में हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने कभी GST का विरोध नहीं किया था बल्कि इसके तरीकों का विरोध किया गया था। शाह ने कहा कि GST को गब्बर सिंह टैक्स बताया गया, गब्बर सिंह एक डकैत था, कानून से बना हुआ टैक्स डकैत है क्या? इस से मिला पैसा वन रैंक, वन पेंशन जैसी योजनाओं में जाता है, किसी गरीब के घर में चूल्हा जलाने के लिए जाता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दुनिया में भारत को देखने का नजरिया बदला है। सुरक्षा बलों को आंतरिक सुरक्षा के लिए modernise करना हमारी प्राथमिकता है। जब चुनाव में जायेंगे तो जनता कांग्रेस से जवाब जरूर पूछेगी कि उसने OBC बिल को क्यों रोका था। जब प्रधानमंत्री मोदी मुस्लिम महिलाओं की सुरक्षा के लिए तीन तलाक बिल ले कर आए तो उसको भी कांग्रेस ने ही रोक दिया। डीबीटी से हर साल देश के 57 हजार करोड़ रुपये बच रहे हैं, मैं मानता हूं कि ये केंद्र सरकार बहुत बड़ी उपलब्धि है।
अमित शाह ने कहा कि 115 पिछड़े जिलों को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार विशेष कार्य योजना लेकर आयी है। नोटबंदी के कारण काले धन पर बहुत बड़ा प्रहार हुआ है। हमने 3 लाख से ज्यादा शेल कंपनियों को बंद करने का काम किया। हमारी सरकार को साढ़े तीन साल हो गए लेकिन हमारे विरोधी भी हम पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकते हैं।