भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मैसूर के पूर्व वाडियार शाही परिवार से हुई मुलाकात पर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है। शाह ने शुक्रवार को शाही परिवार से मुलाकात की थी।
मैसूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा 'शाही परिवार से मेरी मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट मात्र थी। इस दौरान हमारे बीच क्या बातचीत हुई मैं इसका खुलासा नहीं कर सकता।'
मुलाकात के बाद भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि 'यदुवीर कृष्णा दत्ता चमाराजा वाडियार, राजमाता प्रमोदा देवी वाडियार और महारानी तृषिका कुमारी देवी से मेरी मुलाकात बेहतरीन रही।'
शाह ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी ट्विटर पर साझा की थी। जिसके बाद शाही परिवार के भाजपा में शामिल होने या समर्थन करने की अटकलों को बल मिला है। बता दें कि शाह चुनाव के मद्देनजर कर्नाटक दौरे पर हैं।
भाजपा अध्यक्ष की शाही परिवार से मुलाकात को मई में होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है।