आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कर्नाटक की राजनीति हर रोज नया मोड़ ले रही है। इसी क्रम में राज्य के बसवकल्यान से जेडीएस विधायक मल्लिकार्जुन खूबा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब वह कर्नाटक भाजपा का दामन थामेंगे। बसवकल्यान उत्तरी कर्नाटक के बीदर जिले का एक कस्बा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जेडीएस 7 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद रविवार (25 मार्च) को कांग्रेस का दामन थाम लिया था। ये सभी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए थे।
23 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के बाद इन सभी ने शनिवार (24 मार्च) को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। इन विधायकों में जमीर अहमद खान, सी स्वामी, इकबाल अंसारी, बालाकृष्ण, रमेश बंदीसिद्देगौडा, भीमा नायक और अखंड श्रीनिवास मूर्ति शामिल थे।
आपको बता दें कि 225 सीटों वाली विधानसभा में जेडीएस के 37 विधायक थे जिनमें से 8 विधायकों के पार्टी छोड़ने की वजह से यह संख्या केवल 29 रह गयी है। शनिवार को जेडीएस प्रवक्ता रमेश बाबू ने इन विधायकों के पार्टी से इस्तीफे की पुष्टि की थी। मालूम हो कि कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए आगामी 12 मई को वोट डाले जाएंगे और चुनावी नतीजे 15 मई को घोषित किए जाएंगे।