भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 16-17 जनवरी को नई दिल्ली में होगी। कार्यकारिणी दो दिन तक चलेगी और इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाने का एलान हो सकता है। इसके अलावा संगठन आगामी राज्य विधानसभा चुनावों पर भी रणनीति तैयार करेगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा नेता मंथन करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता के मौके पर सरकार द्वारा आयोजित देशव्यापी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श बैठक के मुख्य आकर्षण में से एक होने की संभावना है। हाल में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन और केंद्र में भाजपा की सरकार के कामकाज पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक चुनावों को स्थगित करने पर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, अप्रैल-मई 2024 में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।