इलाहाबाद में 12 एवं 13 जून को होने वाली बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर पार्टी नेताओं ने तैयारी तेज कर दी है। केपी कॉलेज ग्राउंड में होने वाली इस बैठक को लेकर पार्टी ने नेताओं को उनकी जिम्मेदारी देनी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि केपी कॉलेज ग्राउंड में कार्यकारिणी की बैठक के लिए पंडाल बनाने की जिम्मेदारी काशी के कारीगरों को दी जा रही है। पूर्व में मोदी के कई कार्यक्रमों में बीजेपी इन कारीगरों की सेवा ले चुकी है। पंडाल पूर्ण रूप से एयर कंडीशन रहेगा।
इलाहाबाद में पहली बार भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। यूपी चुनाव के मद्देनजर भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में पीएम मोदी के साथ भाजपा शासित तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री आदि भी शामिल होंगे।
एयर कंडीशन रहेगा पंडाल, खाना बनाने वाले लोग भी आएंगे बाहर से
- फोटो : pti
बैठक के लिए भाजपा की ओर से केपी कॉलेज ग्राउंड का चयन किया गया है। शहर के इस बड़े ग्राउंड में बैठक के लिए इसी सप्ताह पंडाल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि इसके लिए वाराणसी से कारीगरों का चयन किया गया है। यहां बनाए जाने वाला पंडाल एयर कंडीशन होगा। इतना ही नहीं यहां खाना बनाने के लिए भी बाहर से ही काफी लोगों को बुलाया जा रहा है।
उधर, केपी कालेज में आयोजित बैठक की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को केपी कालेज ग्राउंड का निरीक्षण किया। यहां प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, प्रभाशंकर पांडेय, विद्यासागर राय, विभूति सिंह, प्रकाश, शशि वार्ष्णेय, मुरारीलाल अग्रवाल, देवेंद्र नाथ मिश्र आदि ने तैयारियों का जायजा लिया।
इस प्रतिनिधिमंडल ने परेड ग्राउंड और अंदावा में 31 मई को अमित शाह की सभा के लिए प्रस्तावित सभा स्थल का भी निरीक्षण किया। इसके पूर्व भाजपा कार्यालय में भी सुनील ओझा की अगुवाई में एक बैठक हुई। बैठक में 13 जून को परेड ग्राउंड में आयोजित सभा में पांच लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में सांसद श्यामा चरण गुप्ता, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, विजय मिश्र, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।