भाजपा सांसद तापिर गाव (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
भाजपा सांसद तापिर गाव ने अरुणाचल प्रदेश से चीन जाने वाले लोगों को नत्थी वीजा दिए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वो इस मुद्दे पर चीन के साथ चर्चा करें और इस समस्या का समाधान निकाला जाए।
तापिर ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि चीन प्रदेश के लोगों को नत्थी वीजा जारी करता है, ऐसे में खेल और शिक्षा शिष्टमंडल के साथ वो चीन नहीं जा पाते हैं। उन्होंने अरुणाचल के लोगों से दोयम दर्जे के नागरिक का व्यवहार किये जाने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया वह इस मुद्दे पर चीन के साथ चर्चा करें और इस समस्या का समाधान करें।
भाजपा सदस्य लाकेट चटर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में चल रहे ज्यादातर मदरसे अवैध हैं और इन्हें बाहर से अवैध रूप से पैसा मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस प्रदेश सरकार की तुष्टीकरण में लगी हुई है। आईयूएमएल के नावस कनी ने मुसलमानों को प्रताड़ित किये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एनआईए को असीम शक्तियां दे दी गई है और इसका दुरुपयोग हो रहा है।