केंद्र सरकार की योजनाओं से भाजपा के अपने ही सांसद संतुष्ट नहीं लग रहे हैं। सरकार की योजनाओं को जनता के बीच प्रचारित करने की पीएम मोदी की नसीहत के चंद घंटे भीतर ही पार्टी के सांसदों ने संसद में केंद्रीय मंत्रियों की भद्द पिटवा दी। बिहार के आरा से सांसद एवं पूर्व गृह सचिव आरके सिंह ने लोकसभा में गृहमंत्री राजनाथ सिंह के उत्तर पर सवाल खड़े किए तो इसके तुरंत बाद ही कैराना से सांसद हुकूम सिंह ने ई-मंडी योजना पर कृषि मंत्री राधा मोहन को आइना दिखाया
प्रश्नकाल के दौरान जब कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के सवालों का जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण के मद में पुलिस वालों के लिए मकान बनाने के लिए धनराशि नहीं दी जाती है।
इस योजना के तहत पुलिस एवं सुरक्षा बलों को तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से उन्हें लैस बनाने के लिए फंड दिया जाता है। अभी उन्होंने अपना जवाब पूरा भी नहीं किया था कि आरके सिंह ने खड़े होकर कहा कि पुलिस सुधार मद को लेकर गृहमंत्री का जवाब ठीक नहीं है। उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
पूर्व गृह सचिव ने कहा कि पुलिस सुधार के फंड वाली योजना में पुलिस वालों के मकान के लिए भी धन आवंटित किया था। लेकिन वर्तमान सरकार ने योजना से उक्त प्रावधान को हटा दिया है। सिंह के इतना भर कहने पर विपक्ष को ठहाका लगाने का मौका हाथ लग गया तो। गृहमंत्री भी मंद मुस्कान के साथ आसन पर बैठ गए।