'तीसरी बार सत्ता में आई भगवा पार्टी तो होगा निरंकुश शासन'
मुख्यमंत्री बनर्जी ने राज्य में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोटों के लिए 'गैरकानूनी गतिविधियों' में लगे कुछ लोगों को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह 'कुछ पुलिसकर्मियों के समर्थन से' किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आती है, तो देश को निरंकुश शासन का सामना करना पड़ेगा। आशंका है कि वे (भाजपा) दिसंबर 2023 में ही लोकसभा चुनाव करा सकते हैं।
'लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए बुक कर लिए सभी हेलीकॉप्टर'
टीएमसी प्रमुख ने कहा कि भगवा पार्टी ने पहले ही हमारे देश को समुदायों के बीच दुश्मनी के दलदल में बदल दिया है। अगर वे सत्ता में लौटते हैं, तो यह हमारे देश को नफरत का देश बना देंगे। बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए पहले ही सभी हेलीकॉप्टर बुक कर लिए हैं ताकि कोई अन्य राजनीतिक दल प्रचार के लिए उनका इस्तेमाल न कर सके। बनर्जी ने कहा कि उन्होंने बंगाल में तीन दशक लंबे माकपा शासन को हराया था और अब वह लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएंगी।
नफरत भरे नारे लगाने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश
जादवपुर विश्वविद्यालय में 'गोली मारो' के नारे लगाने वाले एबीवीपी और भाजपा कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को विश्वविद्यालय में नफरत भरे नारे लगाने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे नारे लगाने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि यह बंगाल है। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश नहीं है।
राज्यपाल पर भी साधा निशाना
ममता ने यह आरोप भी लगाया कि राज्यपाल सी वी आनंद बोस संवैधानिक मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं, और वह उनकी असंवैधानिक गतिविधियों का समर्थन नहीं करती हैं। मुख्यमंत्री ममता ने राज्यपाल का जिक्र करते हुए कहा कि निर्वाचित सरकार के साथ पंगा नहीं लें।
लोकसभा चुनाव से पहले अभिषेक को गिरफ्तार करने की साजिश
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापों का जिक्र करते हुए ममता ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसी लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। मुझे हाल ही में एक संदेश मिला कि वे चुनाव से पहले अभिषेक को गिरफ्तार कर लेंगे। उन्होंने कंप्यूटर पर फाइलें डाउनलोड कर ली हैं। केंद्रीय एजेंसियों ने पशुओं की तस्करी और कोयला चोरी से जुड़े मामलों में अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की है।