भाजपा के पूर्व नेता अनिल कुमार झा और पूजा मदान रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। आप ने इसका स्वागत किया है और इसे दिल्ली सरकार की नीतियों की जीत बताया है। पार्टी ने कहा है कि दिल्ली सरकार की आम आदमी के लिए किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता तेजी से आप का दामन थाम रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि शीघ्र ही अन्य ढेर नेता भी पार्टी के साथ आ जाएंगे। हालांकि, भाजपा ने कहा है कि इन नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में पार्टी से बाहर कर दिया गया था। अब आम आदमी पार्टी ऐसे भ्रष्ट नेताओं को अपनाकर अपना जीत बता रही है।
इस अवसर पर आप के प्रवक्ता और विधायक दिलीप पांडेय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा से नामचीन लोग अब आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। तिमारपुर विधानसभा के मुखर्जी नगर वार्ड से पार्षद पूजा मदान और उनके भाई संजय मदान ने आप की सदस्यता ली। करावल नगर विधानसभा से भाजपा मंडल प्रभारी अनिल कुमार झा भी आप में शामिल हो गए। पांडेय ने इसे आप की जीत बताया।
पार्टी निकाल चुकी थी बाहर
दिल्ली भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पूजा मदान और अनिल कुमार झा के विरूद्ध भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के कई आरोप सामने आ रहे थे। उन्हें अपनी आदतों से बाज आने के लिए कई बार चेतावनी दी गई थी और इसके बाद अंततः उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। अब आप इन नेताओं को अपनाकर अपनी जीत बता रही है।
कपूर ने कहा कि एक तरफ तो आम आदमी पार्टी ईमानदार और स्वच्छ राजनीति करने का दावा करती है, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सबसे ज्यादा भाषण देती है, लेकिन जब वह भ्रष्ट नेताओं को अपने यहां स्थान देती है तो उसके इरादों पर सवाल खड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम आदमी पार्टी का दोहरापन सामने आ गया है।