पाकिस्तान में शहबाज शरीफा का कार्यकाल पूरा होने के बाद गुरुवार को कार्यवाहक सरकार का गठन हो गया। कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर को बनाया गया है। काकर की 18 सदस्यीय कैबिनेट को शपथ दिलाई गई। इस मंत्रिमंडल में अलगाववादी नेता यासीन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को भी शामिल किया है। जिस पर भाजपा ने करारा हमला बोला है। भाजपा नेता तरूण चुघ ने कहा कि यासीन मलिक की पत्नी की नियुक्ति से पता चलता है कि पाकिस्तान आतंकवाद को पनाह दे रहा है।
मुशाल हुसैन मलिक को कार्यवाहक प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार के रूप में नियुक्ति किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ ने हमला बोलते हुए कहा कि भारत का यह आरोप सही साबित हुआ कि देश भारत पर हमला करने वाले आतंकवादियों को पनाह देता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत में विध्वंसक गतिविधियों में शामिल मोस्ट वांटेड आतंकवादियों को शरण दी है। मुशाल हुसैन मलिक लंबे समय से भारत और उसकी सेना के खिलाफ मनगढ़ंत कहानियां फैला रही हैं, जबकि उनके पति, कश्मीरी पंडितों सहित सुरक्षा कर्मियों और नागरिकों की हत्या में के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
चुघ ने कहा कि शांति के लिए हानिकारक तत्वों पर लगाम लगाने के बजाय, पाकिस्तान बार-बार ऐसी कार्रवाइयों का सहारा ले रहा है जो भारत के राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाते हैं। हम अंतरराष्ट्रीय निकायों से मामले का संज्ञान लेने और पाकिस्तान को आतंकवादियों को राजनीतिक स्थान देने से रोकने का आग्रह करते हैं। मलिक को प्रधानमंत्री अनवारुल हक काका के पांच विशेष सलाहकारों में शामिल किया गया है।
2009 में अलगाववादी नेता यासीन मलिक से शादी
मशाल ने कई वर्षों तक कश्मीर और भारत विरोधी अभियान चलाया है। उन्होंने 22 फरवरी 2009 को रावलपिंडी में अलगाववादी नेता यासीन मलिक से शादी की। दोनों की मुलाकात तब हुई जब यासीन 2005 में पाकिस्तान के दौरे पर था। मुशाल ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक की डिग्री हासिल की है।