केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर अविश्वास प्रस्ताव पर बहस से पहले तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भूकंप के मजे लेने के लिए तैयार हो जाइए। उन्होंने अपने एक और ट्वीट में कहा कि राहुल गांधी संसद में बोलेंगे तो भूकंप आएगा। भूकंप से उनका खुद का कैंप धराशायी होगा और कमल पहले से बड़ा खिलेगा।
उन्होंने लिखा कि शुक्रवार के बाद विपक्ष के ताश के महल का एक-एक पत्ता बिखर जाएगा। कांग्रेस अपने अस्तित्व को बचाने के लिए फिर से देश को गुमराह करेगी हिंदू और हिंदुस्तान को बदनाम करेगी।
बता दें कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने कहा था कि नरेंद्र मोदी पार्लियामेंट में खड़े होने से डरते हैं। उन्होंने कहा था कि मुझे संसद में सिर्फ 15 मिनट भाषण देने का मौका मिल जाए तो प्रधानमंत्री सामने खड़े नहीं हो पाएंगे।
उन्होंने कहा था कि लोगों के अच्छे दिन लाने का वादा करने वाली मोदी सरकार में केवल 15 बड़े उद्योगपतियों के अच्छे दिन आए हैं। उन्होने कहा था कि प्रधानमंत्री पूरे देश का चक्कर काट रहे हैं लेकिन संसद में बोलने से डरते हैं। उनके इसी बयान को लेकर अब भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने उनपर निशाना साधा है।
मोदी सरकार करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल में आज पहली बार विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का सामना करेगी
फाइल फोटो
बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल में आज पहली बार विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का सामना करेगी। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) की ओर से पेश अविश्वास प्रस्ताव पर सुबह 11 बजे से लेकर 7 घंटे चर्चा तक चलेगी। शाम 6 बजे के बाद प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। हालांकि संसद में इस जंग में सरकार की जीत तय है। संख्याबल के आधार पर पहले से ही मजबूत राजग सरकार को अन्नाद्रमुक का समर्थन मिलने और बीजेडी-टीआरएस के मतदान से दूर रहने के फैसले से शक्ति परीक्षण का सस्पेंस खत्म हो गया है। अब विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर बहस के जरिये सरकार को घेरकर दमखम दिखाएगा।
सरकार की जीत तय, लेकिन वार-पलटवार पर रहेंगी निगाहें
विपक्ष को उम्मीद थी कि सरकार अविश्वास प्रस्ताव पर सहमत होने से पहले थोड़ा समय लेगी। इससे उसे हमला करने का पूरा मौका मिलेगा, लेकिन सरकार जनता के बीच ऐसा कोई संदेश नहीं देना चाहती कि वह शक्ति परीक्षण से बच रही है। लिहाजा, अविश्वास प्रस्ताव पेश होते ही चर्चा और वोटिंग का समय निर्धारित कर दिया गया। विपक्ष का मानना है कि सदन की कार्यवाही के दौरान मोदी सरकार पर हमला बोलने से पूरे देश की नजरें उस पर टिकेंगी। विपक्ष को मनोवैज्ञानिक रूप से इसका फायदा मिलेगा।
पीएम डेढ़ घंटा करेंगे विपक्षी हमले पर पलटवार
संख्याबल का तनाव दूर होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर पलटवार करने की योजना बनाई है। पलटवार की कमान खुद पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों होगी। वह करीब डेढ़ घंटे तक पलटवार के साथ सरकार की उपलब्धियां गिनाकर विपक्ष को घेरेंगे। पीएम ने चर्चा में भाग लेने के लिए मुख्य सचेतक अनुराग ठाकुर, बीरेंद्र सिंह मस्त और हुकुमदेव नारायण यादव का चयन किया है। इनके निशाने पर मुख्य रूप से गांधी परिवार होगा।