भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व पार्टी के त्रिपुरा मामलों के प्रभारी सुनील देवधर ने मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को तमाम मंत्रियों के आवासों में स्थित सेप्टिक टैंक साफ कराने की सलाह देकर राजनीतिक हलकों में एक विवाद खड़ा कर दिया है।
देवधर ने अपनी बातों के समर्थन में 13 साल पुराने एक मामले का भी जिक्र किया है। तब मुख्यमंत्री माणिक सरकार के सरकारी आवास के सेप्टिक टैंक में एक महिला का कंकाल मिला था। देवधर ने वामपंथियों को राजनीतिक हत्यारा करार दिया है।
भाजपा नेता ने शनिवार को नए मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद अपने एक ट्वीट में वामपंथियों पर हमला किया और मुख्यमंत्री को तमाम सेप्टिक टैंकों को साफ कराने की सलाह दी। देवधर ने कहा कि नए मंत्रियों के अपने आवास में शिफ्ट होने से पहले यह काम होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चार जनवरी 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री के आवास स्थित सेप्टिक टैंक से एक महिला का कंकाल बरामद किया गया था। ध्यान रहे कि पहले खुफिया विभाग ने उस मामले की जांच की थी। बाद में माणिक सरकार ने यह मामला सीबीआई को सौंप दिया था।