संसद में पैर रखने के लायक नहीं एंटो: अनिल एंटनी
उन्होंने कहा, इस तरह के बयान से वह पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों पर लीपापोती कर रहे हैं। उन्होंने हमारे जवानों के बलिदान का भी अपमान किया है और हमारे सशस्त्र बलों के काम पर सवाल उठाया है। उन्होंने साबित कर दिया है कि वह फिर से संसद में पैर रखने के लायक नहीं है। अनिल एंटनी ने कहा, पुलवामा में जो हुआ वह हमारे देश के दुश्मनों द्वारा किया गया आतंकवादी हमला था। सीमा पार आतंकवाद सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है, जिसका हम लंबे समय से सामना कर रहे हैं।
एंटो एंटनी ने क्या बयान दिया
कांग्रेस सांसद ने दावा किया था कि पुलवामा में आतंकी हमले की साजिश सरकार ने खुद रची थी। एंटो एंटनी ने आरोप लगाया कि पुलवामा में 42 जवानों की शहादत के लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा, ऐसी जगह पर इतनी मात्रा में आरडीएक्स के साथ आप सरकारी मशीनरी की जानकारी के बगैर नहीं जा सकते। कश्मीर के तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी कहा था कि 42 जवानों की शहादत के लिए सरकार जिम्मेदार है। एंटो ने कहा, दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया गया था और उन्हें (जवानों को) जानबूझकर उस विशेष सड़क मार्ग से लाया गया और विस्फोट हुआ। उन्होंने पूछा, क्या भाजपा द्वारा नियुक्त राज्यपाल ने यही नहीं कहा?
कांग्रेस सांसद पर चले राजद्रोह का मुकदमा: के सुरेंद्रन
वहीं, भाजपा नेता ने कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि वह फिर से संसद में पैर रखने के लायक नहीं हैं। इसी मुद्दे पर भाजपा नेता के सुरेंद्रन ने कहा, पथनमथिट्टा के सांसद एंटो ने यह कहकर देश का अपमान किया है कि पुलवामा हमले में पाकिस्तान की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने मांग की कि उन पर राजद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
'वोट से एंटो एंटनी को जवाब देंगे देशभक्त'
सुरेंद्रन ने कहा, पथनमथिट्टा के सांसद चार वोट के लिए भारतीय सेना को लेकर बार-बार बयान बदल रहे हैं। इस बयान ने देश के लिए जान देने वाले सैनिकों का अपमान किया और सेना के मनोबल पर सवाल उठाया। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि पथनमथिट्टा के देशभक्त वोट के जरिए एंटो के पाकिस्तान समर्थित रुख का जवाब देंगे।