सूबे के सत्ताधारी दल भाजपा ने अब अपने बागियों और अंदरखाने विरोध करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में अपने जिले में बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता राजेश भारद्वाज सहित पांच नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
यह कार्रवाई प्रदेश नेतृत्व के स्तर से की गई है और जिलाध्यक्ष को इस कार्रवाई से अवगत करा दिया है। जिन नेताओं पर कार्रवाई की गई है, उनमें तीन टिकट न मिलने पर बागी के रूप में या दूसरे दलों से चुनाव लड़े थे।
पार्टी जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कभी अतरौली से भाजपा से विधायकी का चुनाव लड़े राजेश भारद्वाज के अलावा अतरौली के ही जिला मंत्री रहे अतुल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रहे बरौली के केशव सिंह, कार्यकर्ता नीरज शर्मा व छर्रा से हेमंत चौहान को पार्टी से निकाला गया है।
इनमें से राजेश भारद्वाज के विषय में बता दें कि उन्होंने पहले अतरौली और फिर कोल से टिकट मांगा था। टिकट न मिलने पर उन पर अतरौली में भाजपा के विरोध में प्रचार व काम करने का आरोप लगा था। इस संबंध में चुनावी दौर में ही पार्टी नेतृत्व से शिकायत हुई थी।