मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि मैंने कभी भी मुख्यमंत्री या किसी अन्य पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा। मुख्यमंत्री के चेहरे पर उच्च अधिकारियों द्वारा निर्णय लिया जाएगा। मैं मणिपुर में सरकार गठन को लेकर चर्चा करने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिलने दिल्ली आया हूं।
मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और भाजपा के वरिष्ठ विधायक टी. बिस्वजीत सिंह शनिवार को एक बार फिर दिल्ली रवाना हुए। दोनों अलग-अलग विमानों से दिल्ली रवाना हुए हैं। दोनों यहां केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। सूत्रों की मानें तो दोनों नेता राज्य मुख्यमंत्री पद की रेस के दावेदारों में शामिल हैं।
विज्ञापन
भाजपा सूत्रों ने कहा कि दोनों नेता पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा बुलाए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए। इस बार का मुख्यमंत्री कौन होगा, यह रविवार तक पता चल सकता है। इससे पहले चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बीरेन सिंह, टी. बिस्वजीत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी पार्टी के भीतर गुटबाजी की खबरों के बीच 15 मार्च को दिल्ली गए थे।
वहीं, सोशल मीडिया पर इसको लेकर अटकलें जारी हैं कि दोनों में से कौन अगला मुख्यमंत्री बनेगा। इसका फैसला भाजपा संसदीय बोर्ड करेगा। भाजपा उग्रवाद प्रभावित मणिपुर के 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीतकर सत्ता में लौटी है। इससे पहले भाजपा 2017 में कांग्रेस की 28 सीटों के मुकाबले सिर्फ 21 सीटें होने के बावजूद दो स्थानीय दलों एनपीपी और एनपीएफ के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाने में सफल रही थी।
विज्ञापन
इस बीच मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि मैंने कभी भी मुख्यमंत्री या किसी अन्य पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा। मुख्यमंत्री के चेहरे पर उच्च अधिकारियों द्वारा निर्णय लिया जाएगा। मैं मणिपुर में सरकार गठन को लेकर चर्चा करने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिलने दिल्ली आया हूं।
दिल्ली में अहम बैठक
इस बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। इसके अलावा गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी शाह के आवास पहुंचे।