बहन के कथित यौन उत्पीड़न और मौत के मामले के दो आरोपियों ने बुधवार को भोजपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया
- फोटो : Socia media
राजद विधायक की बहन के कथित यौन उत्पीड़न और मौत के मामले के दो आरोपियों ने बुधवार को भोजपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि तीन अन्य फरार हैं। मामले के दो आरोपी मिथलेश सिंह और संतोष सिंह ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। चांदी पुलिस थाने में दर्ज इस मामले के तीन अन्य आरोपी अब तक फरार हैं। डीआईजी ए रहमान मामले पर खुद नजर रख रहे हैं। वह आरा में ही कैंप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि राजद विधाक सरोज यादव की बड़ी बहन को 9 अप्रैल को कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बाद बुरी तरह पीटा गया था। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मंगलवार को पीड़िता की मौत हो गई थी।
धरने पर बैठे विधायक, राजनीति शुरू
बड़हरा के राजद विधायक सरोज यादव आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं। वे स्थानीय पुलिस पर उदासीनता बरतने का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच, मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए संकेतों में कहा कि वहां बहुत दिनों बाद पिछड़ी जाति के विधायक जीते हैं। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। भाजपा ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य में जब विधायक का परिवार सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा की कौन कहे। जदयू के प्रवक्ता आलोक ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि नीतीश सरकार में हर घटना के बाद कार्रवाई होती है।