जनता दल यूनाइटेड में बागियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को जेडीयू ने पूर्व मंत्री रमई राम और पूर्व सांसद अर्जुन राय समेत 21 बागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
प्राथमिक सदस्यता से निलंबित
जेडीयू के बिहार अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने जेडीयू के 21 सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। जेडीयू ने पार्टी नेताओं के खिलाफ यह कदम पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते उठाया है।
#Bihar JDU state president Vashistha Narayan Singh suspended 21 party members from their primary memberships over anti-party activities. pic.twitter.com/yEXoYyzOJI
— ANI (@ANI) August 14, 2017
आपको बता दें कि इससे पहले जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को शरद यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। नीतीश ने बागी हुए शरद को राज्यसभा में पार्टी संसदीय दल के नेता के पद से हटा दिया था।
इससे एक दिन पहले राज्य सभा सांसद अली अनवर पर भी पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी के संसदीय दल से निलंबित कर दिया था। अनवर को शरद का बेहद करीबा माना जाता है।
नीतीश की पार्टी में दो फाड़!
जनता दल(यूनाइटेड) दो फाड़ होती दिख रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने वरिष्ठ सहयोगी और जेडीयू के अध्यक्ष रह चुके शरद यादव को राज्यसभा पार्लियामेंट्री पार्टी के लीडर पोस्ट से क्या हटाया, अब शरद यादव पूरी पार्टी पर ही दावा जताने की ओर बढ़ रहे हैं।
शरद यादव के करीबी अरुण श्रीवास्तव ने दावा किया है कि शरद के साथ देश के 14 राज्यों के अध्यक्ष हैं, साथ ही पार्टी के दो राज्यसभा सांसद। यही नहीं, पार्टी के ऑफिस बैरियर के लोग भी शरद यादव के साथ हैं और शरद जल्द ही चुनाव आयोग में दावा ठोककर अपने ग्रुप को असली जेडीयू घोषित करने की मुहिम में उतर सकते हैं।