फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News : स्मार्टफोन का निर्यात 10 फीसदी गिरकर तीन साल में सबसे कम, पढ़ें कुछ खास खबरें

Tue, 15 Nov 2022 05:54 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, नई दिल्ली।
विज्ञापन
विज्ञापन

देश में स्मार्टफोन शिपमेंट जुलाई-सिंतबर के दौरान 10 फीसदी गिरकर तीन साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है। इस दौरान कुल 4.3 करोड़ यूनिट का शिपमेंट हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, कुल स्मार्टफोन में 5जी स्मार्टफोन का हिस्सा 36 फीसदी या 1.6 करोड़ रहा है। इनकी औसत कीमत 32,000 रुपये रही है जो एक साल पहले समान तिमाही में 30,600 रुपये थी। देश का स्मार्टफोन बाजार 2019 के बाद से निचले स्तर पर पहुंच गया है।

विज्ञापन


इंटरनेशनल डाटा कॉरपोरेशन ने कहा कि मांग में कमजोरी और डिवाइस की बढ़ती कीमतों के कारण त्योहारी सीजन में इसकी बिक्री पर असर पड़ा है। ऐसी आशंका है कि सालाना शिपमेंट 2022 में 8-9 फीसदी तक गिर सकता है। इसके 15 करोड़ यूनिट रहने की उम्मीद है। 2023 में भी बिक्री पर महंगाई का असर दिख सकता है।

केरल में आरएसएस के 11 कार्यकर्ताओं को उम्रकैद
केरल की एक सत्र अदालत ने 2013 में हुए अनावूर नारायणन नायर हत्याकांड में आरएसएस के 11 कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। विशेष लोक अभियोजक मुरुक्कुमपुझा आर विजयकुमारन नायर ने कहा कि नेय्यात्तिंकरा की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कविता गंगाधरन ने 11 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई और तीन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। घटना के समय वे नायर के बेटे माकपा की युवा शाखा एसएफआई के तत्कालीन क्षेत्र सचिव शिवप्रसाद पर हमला करने उनके घर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार भीड़ रात में नायर के घर में घुसी और जब बेटे को बचाने वह आये तो उनपर हमला कर दिया।
विज्ञापन


गुजरात चुनाव : ओवैसी को दिखाए काले झंडे, लगे मोदी-मोदी के नारे
गुजरात चुनाव के सिलसिले में सूरत पहुंचे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दी ओवैसी को काले झंडे दिखाए गए। प्रचार के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारे भी लगाए। वह पूर्वी सूरत निर्वाचन क्षेत्र से अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। प्रचार के दौरान भाजपा समर्थकों का एक समूह हाथों में काले झंडे लेकर वहां पहुंच गया और मोदी-मोदी के नारे लगाने लगा। हालांकि, ओवैसी ने विरोध को नजरअंदाज किया और लोगों से पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

512 करोड़ का बैंक घोटाला अराइज इंडिया के एमडी को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
सीबीआई ने 512.67 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी से जुड़ी जांच में दिल्ली की निजी कंपनी अराइस इंडिया के एमडी एवं प्रवर्तक अविनाश जैन को गिरफ्तार कर लिया। यह कंपनी इलेक्ट्रिकल सामान बनाने का काम करती है। जांच के दौरान सीबीआई ने गवाहों, एक निजी कंपनी के अधिकारियों, बैंक अधिकारियों समेत कई लोगों से पूछताछ की। जैन ने पूछताछ में सहयोग नहीं किया। पालम क्षेत्र के मंगलापुरी इलाके में स्थित निजी कंपनी, उसके निदेशक और प्रवर्तक, अज्ञात जन सेवकों व अन्य पर नवंबर 2020 में मामला दर्ज हुआ था। एसबीआई ने आरोप लगाया था कि इन लोगों ने छह बैंकों के समूह से लिए कर्ज की रकम को संबंधित पार्टियों में ठिकाने लगाया और जानबूझकर कंपनी के कर्जदारों को बढ़ाकर बैंकों को ठगा।

गौरव द्विवेदी प्रसार भारती के सीईओ नियुक्त किए गए
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गौरव द्विवेदी को प्रसार भारती का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश में कहा गया कि चयन समिति की सिफारिशों के बाद राष्ट्रपति ने गौरव द्विवेदी की नियुक्ति पांच साल के लिए की गई है। वह वर्तमान सीईओ शशि शेखर वेम्पति की जगह लेंगे।

बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक ने जमा पर बढ़ाई दर
बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक ने जमा पर ब्याज दर बढ़ा दी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने खुदरा टर्म जमा पर एक फीसदी ब्याज बढ़ाया है। नई दर 14 नवंबर से लागू है। अब यह 4.5 से लेकर 6.10% के ब्याज दे रहा है। तिरंगा प्लस के तहत जमा पर 7.50% ब्याज देगा। कोटक बैंक ने कहा कि एक माह में उसने तीन बार दरें बढ़ाई हैं। नई दर 14 नवंबर से लागू है। इस बारे इसने चुनिंदा जमा पर 0.10 से 0.20% दरें बढ़ाई है।

सीआईए निदेशक रूसी जासूसी एजेंसी प्रमुख से मिलेंगे
अमेरिकी जासूसी एजेंसी सीआईए के निदेशक बिल बर्न्स तुर्किये की राजधानी अंकारा में रूस की एसवीआर जासूसी एजेंसी के प्रमुख सर्गेई नारेश्किन से मुलाकात कर यूक्रेन में रूसी परमाणु हथियारों की तैनाती के परिणाम रेखांकित करेंगे। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आधिकारिक टिप्पणी के लिए अनधिकृत सूत्रों ने बताया कि इस दौरान यूक्रेन युद्ध पर कोई वार्ता नहीं होगी। हालांकि रूस में हिरासत में लिए गए दो अमेरिकियों ब्रिटनी ग्रिनर और पॉल व्हीलन के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। बाइडन प्रशासन इन दोनों के बदले कुछ रूसी कैदियों को छोड़ने के लिए तैयार है।
विज्ञापन

इदाहो विश्वविद्यालय परिसर के पासएक मकान से चार शव बरामद
अमेरिका में इदाहो विश्वविद्यालय परिसर के पास स्थित एक मकान से चार शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में जांच शुरू कर दी है। प्रशासन के अनुसार, मॉस्को (अमेरिका के) पुलिस विभाग के अधिकारियों ने दोपहर से ठीक पहले एक बेहोश व्यक्ति की रिपोर्ट का जवाब देने पर मौतों की खोज की। यह मकान विश्वविद्यालय परिसर से एक ब्लॉक दूर है। पुलिस ने मौतों को संदिग्ध मानव हत्याकांड बताया।

अधिकारियों ने मृतकों की पहचान, मौत की वजह, उनमें से कोई छात्र है या नहीं, इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। पुलिस ने बताया कि परिवार को घटना की सूचना देने के बाद ही कोई भी जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारियों ने घटना के बाद करीब एक घंटे तक छात्रों को बाहर नहीं निकलने दिया, ताकि जांचकर्ता यह सुनिश्चित कर सकें कि इलाके में उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। बता दें, मॉस्को शहर वाशिंगटन के स्पोकेन से करीब 130 किमी दक्षिण-पूर््व में पहाड़ियों पर बसा एक शहर है।

स्लोवेनिया की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं नतासा पर्क मूसर
उदारवादी नेता नतासा पर्क मूसर यूरोपीय देश स्लोवानिया की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गई हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए ‘रन-ऑफ’ में देश के पूर्व विदेश मंत्री एंजे लोगर को मात दी। राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मूसर ने कहा कि उनका पहला काम स्लोवानिया में दक्षिणपंथियों और वामपंथियों के बीच मौजूद गहरी खाई को पाटना होगा। ‘रन-ऑफ’ एक मतदान प्रणाली है, जिसमें पहले दौर में सर्वाधिक मत हासिल करने वाले दो उम्मीदवार दूसरे दौर में प्रवेश करते हैं और उसमें जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाता है। इसमें मूसर को 54 फीसदी, जबकि लोगर को 46 प्रतिशत वोट मिले। मूसर के राष्ट्रपति चुने जाने से अप्रैल में स्लोवेनिया के संसदीय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले मध्यममार्गी-वाम गठबंधन की स्थिति और मजबूत होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें