इन दिनों न सिर्फ मौसम गर्म है, बल्कि देश की सियासत में भी गर्मी बढ़ी हुई है। इस बीच, असम कांग्रेस ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर जनता का ध्रुवीकरण करने के आरोप लगाए हैं। असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने एक इंटरव्यू में कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस से नाराज है। उन्होंने जनता से किए वादे पूरे नही करके धोखा दिया है। इसलिए इस बार असम की जनता उनकी पार्टी को चुनेंगी। उन्होंने कहा भाजपा राज्य में सांप्रदायिकता फैलाने की कोशिश में है, जबकि असम धर्मनिरपेक्षता के साथ ही जीवित रह सकता है। भूपेन बोरा ने कहा कि असम की प्रगति के लिए एकमात्र तरीका एकजुट होना है।
शांति के लिए एकमात्र विकल्प है कांग्रेस
इंटरव्यू के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि असम में अगर असम शांति और प्रगति चाहता है तो उसे कांग्रेस और गांधीवादी दर्शन का रास्ता अपनाना होगा। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव धन बल, व्यक्तिगत लाभार्थी योजना, सांप्रदायिकता या ध्रुवीकरण और प्रेस के एक वर्ग को नियंत्रित करने की कोशिश करके जीतना चाहती है। बावजूद इसके धरातल पर लोग कांग्रेस के समर्थन में है। हमें लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
भाजपा ने दिया लोगों को धोखा
असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को धोखा देने का काम किया है। उन्होंने अपने वादों को पूरा नहीं किया। भूपेन बोरा ने कहा कि उन्होंने असम के लोगों से कई वादे किए, जैसे 'बीजेपी आएगी, विदेशी जाएंगे', महंगाई पर नियंत्रण किया जाएगा, रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे, छह समुदायों को एसटी का दर्जा दिया जाएगा। चाय बागान श्रमिकों का वेतन बढ़ाया जाएगा। लेकिन आज भी हालात जस के तस हैं।
कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने पर भी बोले भूपेन
इंटरव्यू के दौरान असम कांग्रेस प्रमुख ने पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने वाले अपने नेताओं के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के कारण ही थोड़ी नाराजगी है। यह केवल हमारे यहां नहीं हो रहा। यह भाजपा में भी हो रहा है। भाजपा में एक केंद्रीय मंत्री को टिकट देने से इनकार कर दिया गया है और वह अब चुप हो गए हैं। सोनितपुर और गुवाहाटी के मौजूदा सांसदों को टिकट नहीं दिया गया और वे अब चुप हैं। हमारे पास गुवाहाटी सीट से नामांकन के लिए तीन उम्मीदवार थे, और कांग्रेस ने उनमें से सबसे अच्छे व्यक्ति को नामित किया है। जनता भी इसकी गवाह है, अगर मतदाताओं से पूछा जाए तो वह भी कहेंगे कि कांग्रेस ने सबसे बेहतरीन उम्मीदवार उतारे हैं। उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर के लिए अच्छा माहौल है। हालांकि लोगों के बीच विश्वास की थोड़ी सी कमी है, जिसे पाटना होगा। कुछ वरिष्ठ नेता सीएम की धुन पर नाच रहे हैं। वे राज्य के बारे में या लोग क्या सोच रहे हैं इसके बारे में सोचे बिना भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हम लोगों को यह समझाने में सक्षम होंगे कि भाजपा में कुछ लोग शामिल हो सकते हैं लेकिन ऐसे नेता भी हैं जो कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे।
इस बार ये हैं मुद्दे
बोरा ने आरोप लगाया कि परिसीमन की कवायद आरएसएस और भाजपा की इच्छा के अनुसार की गई थी। उन्होंने कहा कि यह दोधारी तलवार है, भाजपा के लिए भी यही बात है। इस चुनाव में यह कोई बहुत बड़ा मुद्दा नहीं है। इस बार के मुद्दे हैं महंगाई, नौकरियां, बाढ़ और कटाव और असम समझौते को लागू करना।