भारत में मौसम का पूर्वानुमान लगाने की तकनीक बीते वर्षों में काफी उन्नत हुई है। इसी का नतीजा है कि मौसम विभाग अब पहले से ज्यादा बेहतर और सटीक तरीके से गर्मी, वर्षा, ठंड, चक्रवात और अन्य तरह के मौसम से जुड़े अनुमानों की जानकारी देता है। अब इस बीच केंद्र सरकार ने एक नया भारत फोरकास्टिंग सिस्टम (भारत पूर्वानुमान प्रणाली) लॉन्च किया है, जिसे मौसम विभाग की तरफ से जारी होने वाले पूर्वानुमानों को और सटीक बनाने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
बताया गया है कि भारत फोरकास्टिंग सिस्टम पूरी तरह स्वदेशी प्रणाली है। इसे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटिरियोलॉजी (आईआईटीएम) की तरफ से बनाया गया है। सोमवार को ही केंद्रीय पृथ्वी-विज्ञान मंत्रालय ने इसे लॉन्च कर दिया। अब मौसम विभाग इस मानसून सीजन से ही शुरू कर दिया जाएगा।