अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी
- फोटो : ANI
सवाल: लक्खी भंडार से अन्नपूर्णा भंडार का सफर सरकारी खजाने को कैसे प्रभावित करेगा?
जवाब: पश्चिम बंगाल की पिछली ममता सरकार की 'लक्खी भंडार' योजना के तहत 2.21 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद दी जा रही थी, जिस पर राज्य का सालाना बजट 26,700 करोड़ रुपये था। भाजपा ने अपने चुनावी वादे में इसे बढ़ाकर 'अन्नपूर्णा भंडार' का रूप देने का वादा किया है। योजना की नकद राशि को दोगुना करने का सीधा सा अर्थ है कि नई सरकार को हर साल 50,000 करोड़ रुपये से अधिक सिर्फ इस अकेली योजना के लिए जुटाने होंगे । विकास कार्यों के बजट को काटे बिना इतना पैसा जुटाना वित्तीय रूप से लगभग असंभव है।
सवाल: आयुष्मान भारत और मनरेगा जैसी केंद्रीय योजनाओं को लागू करने में क्या अड़चनें हैं?
जवाब: केंद्र और राज्य की योजनाओं का टकराव एक बड़ी चुनौती है। राज्य की स्वास्थ्य साथी योजना लगभग 1.5 करोड़ परिवारों को कवर देती है, जबकि केंद्र की 'आयुष्मान भारत' 2011 की सामाजिक और आर्थिक जनगणना के आंकड़ों के आधार पर लक्षित है, जिसमें राज्य के केवल 1.12 करोड़ परिवार आते हैं। विलय की स्थिति में 38 लाख परिवारों को बाहर होने से बचाने के लिए एक 'हाइब्रिड मॉडल' अपनाना होगा। इसके अलावा, भ्रष्टाचार और फर्जी जॉब कार्ड्स के कारण मनरेगा और PMAY-G (आवास योजना) का केंद्रीय फंड रुका हुआ है। इसे दोबारा शुरू करने के लिए आधार लिंकिंग, जियो-टैगिंग और पारदर्शी कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) की आवश्यकता है। भ्रष्टाचार के व्यापक आरोपों, फर्जी जॉब कार्ड और योजनाओं का नाम बदलने (जैसे पीएम आवास को 'बांग्ला आवास योजना' करना) के कारण केंद्र सरकार ने 2022 से मनरेगा और पीएम आवास योजना (PMAY-G) का फंड पूरी तरह से रोक रखा था। हालांकि अब हाल ही में केंद्र सरकार ने मनरेगा की जगह एक नया सख्त कानून 'विकसित भारत-ग्राम' (VB-G RAM G) लागू कर दिया है। राहत की बात सिर्फ जल जीवन मिशन में है, जहां राज्य में 81.87% ग्रामीण घरों में नल का पानी पहुंच चुका है।
शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी
- फोटो : ANI
सवाल: भाजपा सरकार के लिए इन योजनाओं को जमीन पर उतारना कितनी बड़ी चुनौती है?
जवाब: योजनाओं का पैसा पास करना एक बात है, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके दो मुख्य कारण हैं:
- सिंडिकेट राज: राज्य में निर्माण कार्यों (ईंट, सीमेंट, बालू) से लेकर टेंडर तक में अवैध कमीशन वसूलने वाले 'सिंडिकेट्स' का गहरा जाल है। इस संगठित 'कट मनी' रैकेट को खत्म किए बिना कोई भी बुनियादी ढांचे का प्रोजेक्ट सफल नहीं हो सकता।
- पंचायत-स्तरीय टकराव: राज्य में भले ही भाजपा की सरकार बन गई हो, लेकिन अधिकांश ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों पर अब भी विपक्षी दल का नियंत्रण है। ग्रामीण स्तर पर केंद्रीय योजनाओं को लागू करने का काम पंचायतें ही करती हैं, इसलिए जमीनी स्तर पर असहयोग और राजनीतिक गतिरोध का सामना नई सरकार को कदम-कदम पर करना पड़ेगा।
सवाल: पश्चिम बंगाल की नई सरकार से आम लोगों को क्या उम्मीद?
जवाब: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई सरकार की सफलता पूरी तरह से कड़े राजकोषीय सुदृढ़ीकरण पर निर्भर करेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, सातवें वेतन आयोग को एकमुश्त के बजाय चरणबद्ध तरीके से लागू करना, लोकलुभावन योजनाओं को लक्षित बनाना और सिंडिकेट राज को कुचलकर एमएसएमई व औद्योगिक ढांचे को पुनर्जीवित करना ही एकमात्र व्यावहारिक विकल्प है। डिजिटल गवर्नेंस का उपयोग कर लीकेज रोकना होगा। यदि ये कड़े आर्थिक फैसले नहीं लिए गए, तो बंगाल का यह वित्तीय तनाव एक ऐसे भंवर में तब्दील हो जाएगा, जहां से वापसी लगभग असंभव होगी।