अपने भावुक संबोधन के दौरान सोनिया गांधी के संघर्ष जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस किताब में पाठकों को उनकी मां के उस जीवन के बारे में पढ़ने को मिलेगा, जो उनके पिता राजीव गांधी के निधन से पहले का है। उन्होंने कहा, "इस किताब में आप मेरी मां के उस रूप को पढ़ रहे हैं, जो पापा के गुजरने से पहले का है।"
'मैंने उन्हें कभी डरते हुए नहीं देखा'
बकौल राहुल गांधी, सोनिया गांधी कैंसर सर्वाइवर रही हैं। किताब में दो बार कैंसर से उबरने का उल्लेख है और तीन बार कैंसर का जिक्र किया गया है। हालांकि, वास्तविकता यह है कि उनकी मां चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं। हालांकि, वह इन सब बातों को बहुत हल्के में लेती हैं। राहुल ने कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी में उन्हें कभी डरते हुए नहीं देखा। कभी पीछे हटते हुए नहीं देखा।'
'पापा को आप पर बहुत गर्व होता'
राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के प्रति पिता राजीव गांधी के प्रेम और सम्मान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह यह बात अपनी मां से बताना चाहते हैं कि राजीव गांधी उनसे कितना प्यार करते थे। राहुल गांधी ने भावुक होते हुए कहा, "मैं यह भाषण इसलिए देना चाहता था क्योंकि, मम्मी, पापा आपसे बहुत प्यार करते थे और मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता।"
पिता राजीव गांधी को याद कर क्या बोले राहुल?
उन्होंने अपने माता-पिता के प्रेम और उनके पारिवारिक जीवन का जिक्र किया। साथ ही, राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया के जीवन में आए बदलावों पर भी बात की। राहुल ने कहा, सोनिया और राजीव के बीच गहरा प्रेम था। बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था। यह तब हुआ जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। सोनिया कुछ कहना चाह रही थीं लेकिन जवाब न मिलने पर बहस हुई।
माता-पिता की मुलाकात का किस्सा
राहुल गांधी ने माता-पिता की मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ में उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। राहुल कई साल बाद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस रेस्तरां में गए। वहां के एक कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचानने का दावा किया। राहुल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि प्यार में पड़ने के लिए वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए, पर चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
सोनिया गांधी का संघर्ष
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या ने उनकी मां की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। उनके निधन के बाद सोनिया गांधी का मिलनसार व्यक्तित्व त्रासदी के बाद भीतर सिमट गया। बाद में भारत के गांवों और आम लोगों ने सोनिया को अपनापन दिया। राहुल ने मां की दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ी, पर कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की। यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और सोनिया के जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है।